8 राज्यों में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर, 7 राज्यों में त्रिकोणीय मुकाबला
नई दिल्ली.अब जब चुनाव आयोग आम चुनाव की तारीखों का ऐलान किसी भी दिन कर सकता है, उससे पहले देश के अलग-अलग राज्यों में भाजपा और कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को जोड़ने और तोड़ने में लगी हैं। ज्यादातर राज्यों में यूपीए और एनडीए की तस्वीर साफ होने के साथ सीटों का बंटवारा भी लगभग फाइनल हो चुका है। कुछ एक राज्य ही बचे हैं, जहां सीट बंटवारे को लेकर गहमागहमी अभी जारी है। इनमें से एक कर्नाटक है।
बुधवार को जेडीएस प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। देवेगौड़ा ने कहा कि हमने कांग्रेस से 12 सीटें मांगी हैं। कांग्रेस 10 सीटें देने को तैयार है। इस पर फैसला राहुल को लेना है।
यूपीए में मोदी के मुकाबले अभी कोई चेहरा नहीं
एनडीए के घटक 2014 लोकसभा चुनाव की तरह 2019 में भी मोदी के चेहरे के साथ चुनाव मैदान में जाने को तैयार हैं। जबकि, यूपीए में मोदी के मुकाबले अभी तक किसी चेहरे को आगे नहीं किया गया है, हालांकि सभी घटक दल राहुल गांधी के नाम पर सहमत दिख रहे हैं। देश के 22 बड़े राज्यों में कुल लोकसभा सीटाें(545) की 94% सीटें (524) आती हैं। इनमें से 8 राज्य ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। 7 राज्यों में भाजपा, कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। 4 राज्यों में एनडीए और यूपीए के घटक दलों के बीच टक्कर है।
जम्मू-कश्मीर और बंगाल में चतुष्कोणीय मुकाबला है। झारखंड में भाजपा का मुकाबला यूपीए से है। एनडीए में 42 दल, 9 के सदस्य संसद में: एनडीए में फिलहाल 42 दल हैं। 2014 में एनडीए में भाजपा 30 दल शामिल थे, इनमें 12 के सदस्य संसद पहुंचे थे। अब इनमें से 4 दल एनडीए छोड़ चुके हैं। यूपीए में अभी कांग्रेस समेत 28 दल हैं, उनके 64 सांसद हैं।
जो एनडीए के साथ आए
भाजपा को 3 राज्यों में नए साथी मिले, यहां 127 सीटें
भाजपा ने आम चुनाव से पहले 3 राज्यों में गठबंधन किया है। इनमें तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक, बिहार में जदयू और महाराष्ट्र में शिवसेना शामिल हैं। इन 3 राज्यों में 127 सीटें हैं। महाराष्ट्र में 2014 में भाजपा-शिवसेना साथ लड़े थे, पर विस चुनाव में अलग हो गए थे। 5 राज्य ऐसे हैं, जहां 5 दलों ने एनडीए का साथ छोड़ा है। इनमें महाराष्ट्र में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन, असम में एजीपी, जम्मू-कश्मीर में पीडीपी, बिहार में रालोसपा और आंध्र में टीडीपी शामिल हैं।
जो यूपीए के साथ जुड़े
5 राज्यों में गठबंधन किया, यहां 146 लोकसभा सीटें हैं
कांग्रेस ने कर्नाटक में जेडीएस, तमिलनाडु में द्रमुक, आंध्र में टीडीपी, बिहार में रालोसपा और झारखंड में जेएमएम के साथ गठजोड़ किया है। यहां लोकसभा की 146 सीटें हैं। जबकि महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी और बिहार में कांग्रेस-राजद का पहले से ही गठबंधन है। दिल्ली, पंजाब में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं हो सका है। यूपी में कांग्रेस और बसपा-सपा के बीच बातचीत नहीं बन पाई है। तमिलनाडु में कांग्रेस-द्रमुक ने माकपा को 2 सीटें दी हैं।
नॉर्थ-ईस्ट के 5 राज्यों में यूपीए-एनडीए के बीच मुकाबला
अरुणाचल में 2 सीट पर भाजपा-कांग्रेस के बीच टक्कर है। त्रिपुरा और मणिपुर की 2-2 सीटों पर यूपीए-एनडीए में, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम में 1-1 सीट पर यूपीए-एनडीए में टक्कर है।
2019 आम चुनाव और गठबंधन
| राज्य | सीट | मुकाबला |
| उत्तर प्रदेश | 80 | भाजपा vsकांग्रेस, महागठबंधन |
| महाराष्ट्र | 48 | एनडीए vsयूपीए |
| प. बंगाल | 42 | भाजपा vsकांग्रेस, टीएमसी, वाम दल |
| बिहार | 40 | एनडीए vsयूपीए |
| तमिलनाडु | 39 | एनडीए vsयूपीए |
| मध्य प्रदेश | 29 | भाजपा vsकांग्रेस |
| कर्नाटक | 28 | एनडीएvs यूपीए |
| गुजरात | 26 | भाजपा vsकांग्रेस |
| राजस्थान | 25 | भाजपा vsकांग्रेस |
| आंध्र प्रदेश | 25 | भाजपा vsयूपीए, वाईएसआर कांग्रेस |
| ओडिशा | 21 | बीजद vsभाजपा, कांग्रेस |
| केरल | 20 | वामदल vsकांग्रेस, भाजपा |
| तेलंगाना | 17 | टीआरएस vsभाजपा, यूपीए |
| असम | 14 | भाजपा vsकांग्रेस |
| झारखंड | 14 | भाजपा vsयूपीए |
| पंजाब | 13 | कांग्रेस, आप vsएनडीए |
| छत्तीसगढ़ | 11 | भाजपा vsकांग्रेस |
| हरियाणा | 10 | भाजपा vsकांग्रेस |
| दिल्ली | 07 | भाजपा vs आप, कांग्रेस |
| जम्मू-कश्मीर | 06 | भाजपा vs एनसी, पीडीपी, कांग्रेस |
| उत्तराखंड | 05 | भाजपा vs कांग्रेस |
| हिमाचल | 04 | भाजपा vs कांग्रेस |
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं