कांग्रेस को एक और झटका, ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी बीजद में शामिल
भुवनेश्वर. ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमानंद बिस्वाल की बेटी सुनीता बिस्वाल शनिवार को बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल हो गईं। इसके एक दिन पहले गुजरात में कांग्रेस के दो विधायकों (जवाहर चावड़ा और परषोत्तम सबारिया) ने पार्टी छोड़ी थी। गुजरात के बाद ओडिशा में कांग्रेस को झटका लगा है।
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के निवास पर सुनीता बिस्वाल ने सदस्यता ग्रहण की। सुनीता ने कहा कि वह नवीन पटनायक से वे प्रेरित हैं और इसी वजह से उन्होंने बीजद की सदस्यता ग्रहण की है। पटनायक ने कहा कि सुनीता के आने से पार्टी और मजबूत होगी।
सुनीता सुंदरगढ़ जिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष थीं। बीजद सूत्रों के मुताबिक, आने वाले लोकसभा चुनावों में सुनीता सुंदरगढ़ से बीजद प्रत्याशी हो सकती हैं।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में ओडिशा की एकमात्र सीट जो भाजपा जीत सकी थी, वह सुंदरगढ़ ही थी। जहां से भाजपा के जुएल उरांव को बीजद प्रत्याशी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दिलीप तिर्की ने कड़ी टक्कर दी थी।
कोई टिप्पणी नहीं