राहुल का तंज- भाजपा का घोषणापत्र बंद कमरे में बना, यह अलग-थलग पड़े व्यक्ति की आवाज
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली. राहुल गांधी ने भाजपा के घोषणापत्र पर निशाना साधा है। राहुल ने ट्वीट किया कि भाजपा का मैनिफेस्टो एक बंद कमरे में तैयार किया गया। यह एक अलग-थलग पड़ चुके उस व्यक्ति की आवाज है जो अदूरदर्शी और घमंडी है। राहुल का दावा है कि कांग्रेस का घोषणापत्र बाकायदा लोगों से चर्चा कर तैयार किया गया। इसमें 10 लाख से ज्यादा लोगों की आवाज है। इसलिए यह बुद्धिमत्तापूर्ण और ताकतवर है।
The Congress manifesto was created through discussion. The voice of over a million Indian people it is wise and powerful.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 9, 2019
The BJP Manifesto was created in a closed room. The voice of an isolated man, it is short sighted and arrogant.
'सुरक्षा-समृद्धि का संकल्प पत्र'
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को 75 संकल्पों का घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह सुशासन, राष्ट्र की सुरक्षा और समृद्धि का संकल्प पत्र है। गांव, गरीब और किसान हमारे केंद्र में है। पेय जल की समस्या खत्म करने के लिए हम अलग जल शक्ति मंत्रालय बनाएंगे और नल से जल पहुंचाने पर जोर देंगे। ऐसा आधार तय करेंगे कि 2047 तक देश विकासशील से विकसित देशों की सूची में आ जाए।
मोदी ने कहा- ''राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में कमेटी ने 2-3 महीने मेहनत कर लोगों के मन की आकांक्षाओं को सुना। पहली बार इतने व्यापक स्तर पर जनता के साथ विचार विमर्श हुआ। यह लोकतंत्र की सच्ची प्रेरणा है। आमतौर पर मैनिफेस्टो 2024 के लिए है। लेकिन जनता हमारा हिसाब ढंग से मांग सके इसलिए हमने 2022 तक महापुरुषों ने जिन चीजों को लेकर बलिदान दिया था, हम उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कुछ काम कर लें, इसके लिए 75 साल 75 संकल्प लिए हैं।
कांग्रेस के घोषणापत्र में अलग किसान बजट का वादा
कांग्रेस ने 2 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया था। इसे जन आवाज नाम दिया गया। इस दौरान राहुल कहा था कि मैनिफेस्टो में 5 प्रमुख वादे किए गए हैं। किसानों के लिए अलग बजट लाया जाएगा। साथ ही कृषि कर्ज के डिफॉल्टरों पर फौजदारी (क्रिमिनल) मामला दर्ज नहीं होगा। राहुल ने 'गरीबी पर वार, 72 हजार' का नारा भी दिया। घोषणापत्र के मुताबिक, कांग्रेस देशद्रोह को परिभाषित करने वाली धारा 124 (ए) को खत्म किया जाएगा। इस पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि देशद्रोह की धारा खत्म करने का कांग्रेस का वादा देश की एकता के लिए खतरा है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं