भाजपा का संकल्प पत्र आज, किसानों और बेरोजगारों के लिए हो सकती हैं सौगातें
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली.लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा सोमवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा ने पिछली बार की तरह इस बार भी इसे संकल्प पत्र नाम दिया है। चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा।
सूत्रों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि संकल्प पत्र में भाजपा का जोर किसानों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर रहेगा। इसके साथ ही पार्टी युवाओं के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर भी कई ऐलान कर सकती है। सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 फीसदी आरक्षण की पहल को भी जोर-शोर से उठाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि भाजपाघोषणापत्र जारी के करने के साथ बीते पांच साल के कामकाज की प्रोग्रेसरिपोर्ट भी पेश कर सकती है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की रूपरेखा भी सामने रखेगी।
ओडिशा के लिए संकल्प पत्र जारी
भाजपा ने रविवार को ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया था। इसमें भ्रष्टाचार मुक्त सरकार, महिलाओं, किसानों और आदिवासियों के लिए कई योजनाओं का वादा किया गया। नाबालिगाेंके साथ दुष्कर्म के मामले में दोषियों को फांसी का प्रावधान करने की बात भी कही गई। स्कूल में प्रतिभाशाली छात्राओं के लिए दोपहिया वाहन देने की योजना का वादा शामिल है। ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ चार चरणों में होंगे। 147 विधानसभा और 21 लोकसभा सीटों पर मतदान 11 अप्रैल से शुरू होगा।
नरेंद्रमोदी 26 अप्रैल को नामांकन भरेंगे
प्रधानमंत्री मोदी 26 अप्रैल को वाराणसी से नामांकन भरेंगे। इससे पहले वे जुलूस भी निकालेंगे। इसमें अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर भाजपा पदाधिकारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। रविवार रात मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में तैयारियों को लेकर बैठक भी हुई।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं