कमलनाथ के करीबियों के ठिकानों पर आयकर की कार्रवाई आज भी जारी रहेगी, 11 बैग खुलना बाकी

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

भोपाल.मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के सहयोगियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहेगी। सूत्रों के मुताबिक, 11 बैग खुलना बाकी है। अभी और कैश मिल सकता है। रविवार देर रात नोट गिनने की छह मशीन बुलवाई गईं। भोपाल के प्लेटिनम प्लाजा में प्रतीक जोशी के यहां 9 करोड़ रुपए नकद मिल चुके हैं। प्रतीक सीएमके निजी सचिव प्रवीण कक्कड़ का करीबी है।

आयकर विभाग के 500 अफसरों की टीमों ने रविवार तड़के 3 बजे भोपाल, इंदौर, दिल्ली, कोलकाता समेत50 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई हवाला के जरिए हुए पैसे के लेन-देन और टैक्स चोरी की आशंका के चलते की गई। कमलनाथ के निजी सचिव प्रवीण कक्कड़, भांजे रतुल पुरी, सलाहकार आरके मिगलानी, कक्कड़ के करीबी प्रतीक जोशी और अश्विन शर्मा के ठिकाने खंगाले गए। इस बीच मप्र पुलिस और सीआरपीएफ के बीच रविवार शाम को प्लेटिनम प्लाजा में टकराव की स्थिति बन गई। पुलिस परिसर में अंदर जाना चाहती थी, लेकिन सीआरपीएफ के अफसरों ने अनुमति नहीं दी।

भारत निर्वाचन आयोग के अफसर विक्रम बत्रा डायरेक्टर ने कहा कि पैसों के जरिए मतदाता को प्रभावित करने का चलन तेजी से बढ़ा है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर प्रवर्तन एजेंसियां कानून के मुताबिक प्रभावी कदम उठा रही हैं। आयोग की सलाह है कि चुनावी समर में कार्रवाई निष्पक्ष होकर करना चाहिए। साथ ही आचार संहिता के दौरान ऐसी कार्रवाई की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दी जाना चाहिए।

छापे रविवार सुबह 3 बजे से शुरू हुए

  • यह कार्रवाई सीधे दिल्ली से बुलाई गई सीआरपीएफ टीम की सुरक्षा में तड़के 3 बजे शुरू की गई। मप्र में इंदौर और भोपाल में कुल 6 ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई।हालांकि यहां छापे का केंद्र अश्विनशर्मा थे। आशंका जताई जा रही है कि शर्मा ने कांग्रेस सरकार बनने के बाद ट्रांसफर और पोस्टिंग में अहम भूमिका निभाई थी।
  • हालांकि शर्मा ने खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताया। शाम को अश्विन शर्मा के घर छापे के दौरान मप्र पुलिस और सीआरपीएफ के बीच टकराव की स्थिति बन गई। सीआरपीएफ का कहना है कि मध्य प्रदेश पुलिस हमें काम नहीं करने दे रही। भोपाल में छापे का मुख्य केंद्र अश्विन शर्मा ही रहा। सूत्रों के अनुसार उसके डेढ़ दर्जन से अधिक आईएएस अधिकारियों से बेहद नजदीकी संबंध थे। विभाग इन अफसरों के साथ वॉट्सऐप चैट की डिटेल खंगाल रहा है।

भोपाल के आर्म्स डीलर हैं प्रतीक जोशी और अश्विन शर्मा

दोनों आपस में रिश्तेदार भी हैं। अश्विन का ब्यूरोक्रेट्स में खासा दखल है। एनजीओ समेत कई काम हैं। अफसरों के कमरों में बेधड़क आना और जाना भी है। ऐसा कहा जाता है कि ट्रांसफर-पोस्टिंग में भी ये सक्रिय रहते हैं। प्रवीण कक्कड़ से इनका जुड़ाव है। अश्विन शर्मा 2005 से ही ब्यूरोक्रेट्स बीच में सक्रिय है। अश्विन को शुरूआती दौर में मप्र के दो अफसरों ने मदद की और फिर यह दायरा बढ़ता गया। सचिवालय (वल्लभ भवन) के एक बड़े अफसर के कहने पर 31 दिसंबर को अश्विन ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल डिलीट कर दी।

  • aa

मुख्यमंत्री के ओएसडीप्रवीण कक्कड़

सीएम के ओएसडी प्रवीण कक्कड़ इंदौर में टीआई थे। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से चर्चा में आए। राष्ट्रपति अवॉर्ड भी मिला। 2004 में नौकरी छोड़कर वे पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे सांसद कांतिलाल भूरिया के स्टॉफ ऑफिसर बने थे।

aa

मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेंद्र मिगलानी

कमलनाथ के पहले लोकसभा चुनाव से ही राजेंद्र मिगलानी उनके साथ हैं। सारे कामकाज देखते हैं। मुख्यमंत्री से कौन मिलेगा, यह भी मिगलानी तय करते हैं। जब कमलनाथ सीएम बने तो उन्होंने मिगलानी को सलाहकार नियुक्त किया।

aa

मुख्यमंत्री के भांजे रतुल पुरी

रतुल पुरी कमलनाथ के भांजे हैं। वे अमिरा ग्रुप और मोजेर बियर कंपनी से जुड़े हैं। ईडी अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर मामले में पूछताछ कर ही रही है। हिंदुस्तान पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के अध‍यक्ष भी हैं। कमलनाथ के साथ दावोस दौरे पर गए थे।मप्र में अनूपपुर में रतुल की कंपनी एक 2522 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट लगा रही है। इन कंपनियों के परिसरों पर भी छानबीन की गई। काेलकाता के एक कारोबारी पारसमल लोढ़ा के परिसरों पर भी छापे मारे गए।

dd

कार्रवाई को लेकर टकराव की कोई बात नहीं: डीजीपी
मप्र पुलिस के महानिदेशक वीके सिंह ने आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस से किसी भी प्रकार के टकराव की बात से इनकार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आयकर का अमला पूछताछ के लिए किसी व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया का पालन कर कहीं ले जाना चाहता है तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है।

प्लेटिनम प्लॉजा में अश्विनी शर्मा के कई फ्लैट और 8 लग्जरी गाड़ियां :

राजधानी में रविवार को आयकर छापे में मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रवीण कक्कड़ के करीबी अश्विनी शर्मा के पास प्लेटिनम प्लॉजा में कई फ्लैट और आठ लग्जरी गाड़ियां मिली हैं। प्लेटिनम प्लॉजा के चौंथे और छठे फ्लोर पर अश्विनी शर्मा और उनके परिजन रहते हैं। पूरे प्लाॅजा में अश्विनी शर्मा की लक्जरी गाड़ियों की चर्चा का केंद्र रहती हैं। उनके पास दो लेंड रोवर, तीन मर्सिडीज और तीन विंटेज कार का कलेक्शन है। शर्मा ने अपने विंग में चौथे और छठे फ्लोर के सारे फ्लैट या तो खुद खरीद रखे हैं या फिर वहां उनके परिजन रहते हैं। शेष बिल्डिंग में रहने वाले उस फ्लोर पर यदाकदा ही जाते हैं। शर्मा खुद लोगों से ज्यादा मेल-मिलाप पसंद नहीं करता। उनके परिवार में एक दो साल का बेटा है। वह जब नीचे घूमने और खेलने आता है तो उसके साथ भी एक बॉडीगार्ड होता था। शर्मा के कामकाज के बारे में लोगों को कम ही जानकारी है। प्लाॅजा के कमर्शियल विंग के भी छठे फ्लोर में ही उनका ऑफिस है। बताया जा रहा है कि प्रतीक जोशी उनके ही परिवार का सहयोगी है,जिसके पास 9 करोड़ रुपए का कैश मिला है।

घर खुलवाने में लगा आधा घंटा :
अश्विनी शर्मा के घर पर आयकर विभाग की टीम रात्रि 2.30 पर पहुंची। टीम के दरवाजा खटखटाने पर उनके परिजनों ने दरवाजा खोला। लेकिन सशस्त्र बल और आयकर की टीम को देखते ही दोबारा दरवाजा बंद कर लिया। टीम में के लोग बारबार उनसे दरवाजा खोलने को कहते रहे। पर दरवाजा नहीं खुला। लंबी मशक्कत के बाद रात्रि 3 बजे दरवाजा खुला। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान घर के लोगों ने कैश और दस्तावेज ठिकाने लगाने की कोशिश की।

कमलनाथ ने कहा- चुनाव में हार नजर आने लगी तो ऐसे हथकंडे अपनाकर डराने का प्रयास कर रही है भाजपा

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आयकर छापों की सारी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। सारी स्थिति स्पष्ट होने पर ही इस पर कुछ कहना उचित होगा। लेकिन पूरा देश जानता है कि संवैधानिक संस्थाओं का किस तरह इस्तेमाल पिछले पांच वर्ष में किया गया। इनका उपयोग कर डराने का काम किया जा रहा है। जब भाजपा के पास विकास पर, अपने काम पर कुछ कहने को और बोलने को नहीं बचा तो ये विरोधियों के खिलाफ इस तरह के हथकंडे अपनाते हैं।

शिवराज ने कहा- आचार संहिता लगी है तो पुलिस कैसे भेजी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "सीएस और पुलिस अधिकारी बताएं कि किसके कहने पर पुलिस भेजी गई। जब आचार संहिता लगी है तो पुलिस कैसे भेजी जा सकती है? प्रदेश में संविधान के ढांचे को ध्वस्त किया गया है। वे रविवार को यहां मीडिया से चर्चा कर रहे थे। चौहान ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की अति है। ऐसा हम नहीं चलने देंगे।"



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
IT Department searches properties of MP CM Kamal Naths aides news and updates

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.