डीके शिवकुमार से मुलाकात के बाद कांग्रेस के बागी विधायक नागराज ने इस्तीफा वापस लेने के संकेत दिए
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
बेंगलुरु. कांग्रेस के बागी विधायक एमटीवी नागराज ने पार्टी नेता डीके शिवकुमार से मुलाकात के बाद शनिवार को इस्तीफा वापस लेने के संकेत दिए। उधर, गठबंधन के पांच और विधायक स्पीकर रमेश कुमार द्वारा इस्तीफा स्वीकार ना करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं। इससे पहले इसी मामले में 10 और बागी विधायकों ने याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने स्पीकर को 16 जुलाई तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। इस पर मंगलवार को अगली सुनवाई होगी।
कांग्रेस और जेडीएस के 10 बागी विधायक इस्तीफा देने के बाद से मुंबई ठहरे हुए हैं। ये सभी विधायक शनिवार को विशेष विमान से शिरडी पहुंचे। यहां विधायकों ने साईं मंदिर के दर्शन किए।
मैंने कई दशक कांग्रेस में बिताए- नागराज
नागराज ने शिवकुमार से मुलाकात के बाद कहा कि उस वक्त स्थिति ऐसी थी कि हमने इस्तीफा सौंपा। लेकिन अब शिवकुमार और अन्य नेताओं ने मुझसे इस्तीफा वापस लेने के लिए कहा है। मैं इस मामले में के सुधाकर राव से बात करूंगा। इसके बाद देखूंगा कि क्या करना है। मैंने कई दशक कांग्रेस में बिताए हैं।
नागराज और सुधाकर ने 10 जुलाई को इस्तीफा दिया था। इन दोनों विधायकों के अलावा 14 और विधायक अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं। हालांकि, किसी भी विधायक का इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ। नागराज ने इस्तीफा वापस लेने को लेकर सीधे तौर पर कोई ऐलान नहीं किया। शिवकुमार ने कहा कि हमें साथ रहना चाहिए, साथ मरना चाहिए। हमने 40 साल तक एक साथ पार्टी में काम किया। हर परिवार में ऊंच-नीच होती रहती है। हम इन सब से आगे निकलेंगे। खुशी है कि नागराज ने भरोसा दिलाया है कि वे हमारे साथ रहेंगे।
कुमारस्वामी के विश्वास मत साबित करने की मांग के फैसले का स्वागत- भाजपा
पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के विश्वास साबित करने के लिए वक्त मांगने के फैसले का स्वागत करती है। येदियुरप्पा ने कहा कि कर्नाटक की जनता को मौजूदा गठबंधन सरकार के भ्रष्टाचार से घृणा थी। यही वजह थी कि दोनों पार्टियों के विधायक इस्तीफा दे रहे हैं। कई और असंतुष्ठ विधायक पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं। यही वजह है कि कुमारस्वामी ने विश्वास साबित करने के लिए वक्त मांगा और हमें इसमें कोई आपत्ति नहीं है। अगले कुछ दिनों में यह सरकार गिर जाएगी।
कांग्रेस के 13 और जेडीएस के 3 विधायकों ने दिया इस्तीफा
उमेश कामतल्ली, बीसी पाटिल, रमेश जारकिहोली, शिवाराम हेब्बर, एच विश्वनाथ, गोपालैया, बी बस्वराज, नारायण गौड़ा, मुनिरत्ना, एसटी सोमाशेखरा, प्रताप गौड़ा पाटिल, मुनिरत्ना और आनंद सिंह इस्तीफा सौंप चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के निलंबित विधायक रोशन बेग ने भी मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। बुधवार को के सुधाकर, एमटीबी नागराज ने इस्तीफा दिया।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं