अर्जेंटीना ने चिली को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया, मेसी ने टूर्नामेंट में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
साओ पाउलो. कोपा अमेरिका में शनिवार को अर्जेंटीना और चिली के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला हुआ। मेसी की टीम ने टूर्नामेंट में पिछले मुकाबलों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए लगातार दो बार के चैम्पियन चिली को 2-1 से हरा दिया। इस मैच में अर्जेंटीना ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। 12वें मिनट में उसके लिए पहला गोल सर्जियो अगुएरो की तरफ से आया। इसके 10 मिनट बाद ही पाउलो डायबाला ने टीम के लिए दूसरा गोल किया।
चिली का एकमात्र गोल अर्तुरो विदल की पेनल्टी किक से 59वें मिनट में आया। हालांकि, इसके बाद अर्जेंटीना ने चिली को कोई मौका नहीं दिया। रेफरी ने 37वें मिनट में चिली के कप्तान गैरी मेडेल और मेसी को रेड कार्ड दिखाया, जबकि रिप्ले में साफ था कि दोनों के बीच सिर्फ छिटपुट लड़ाई हुई थी। इस पर एक बार फिर टूर्नामेंट प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए। मेसी ने कोपा अमेरिका में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "करप्शन और रेफरियों की वजह से लोग फुटबॉल का मजा नहीं ले पा रहे हैं। यही लोग फुटबॉल को खराब कर रहे हैं।"
'छिटपुट लड़ाई के लिए रेड कार्ड दिखाना गलत'
अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर ने कहा, "चिली के कप्तान हमेशा सीमा पार कर देते हैं। लेकिन इस बार मेरे और उनके लिए रेड कार्ड नहीं दिखाया जाना चाहिए था। रेफरी को इस मामलें में वीएआर से बात करनी चाहिए थी। मुझे पता है कि मेरे शब्दों के कुछ नतीजे होंगे, लेकिन इन मामलों में ईमानदार रहने की जरूरत है।"
'मेजबान ब्राजील की तरफ झुका कोपा प्रबंधन'
मेसी इससे पहले भी टूर्नामेंट में खराब फैसलों पर सवाल उठा चुके हैं। ब्राजील के खिलाफ सेमीफाइनल में 2-0 से हारने के बाद मेसी ने कहा था कि मेजबान टीम को कोपा अमेरिका चलाने वाली दक्षिण अमेरिकी संस्था CONMEBOL की तरफ से मदद दी जा रही है। उन्होंने कहा था कि ब्राजील संस्था में काफी प्रबंध देख रही है, जिससे दूसरी टीमों के लिए चीजें मुश्किल हो गईं। मेसी इससे पहले फुटबॉल ग्राउंड्स की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
कोपा अमेरिका फाइनल पर मेसी ने कहा कि ब्राजील इसे आसानी से जीतेंगे क्योंकि कोपा उनकी तरफ ही झुका हुआ है। उम्मीद है कि रेफरी और वीएआर के पास फाइनल में ज्यादा कुछ देखने के लिए नहीं होगा क्योंकि पेरू अच्छी टीम है, फिर भी उनके लिए मैच जीतना मुश्किल है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं