भारी बारिश से मुंबई-गोवा हाईवे पर भूस्खलन, वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे पर पानी भरा; 8 जिलों के स्कूलों में छुट्टी
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
मुंबई.महाराष्ट्र के 8 जिलों में बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इनमें ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, कोल्हापुर, नंदुरबार, नासिक, गढ़चिरौली शामिल हैं। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले दो दिन और गोवा-गुजरात में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है।शनिवार सुबहरायगढ़ में मुंबई-गोवा हाईवे पर तेज बारिश के बाद भूस्सखलन हुआ। खराब मौसम के बावजूद प्रशासन सड़क से मलबा हटाने की कोशिशों में जुटा है।
बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले 12 घंटे ( सुबह 9.30 बजे) तक दहिसर चेकनाका इलाके में 133.32 मिमी, बोरीवली रेलवे स्टेशन में 128, अंधेरी पूर्व में 90.40, मुंबई डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर 52.59 मिमी रिकॉर्ड की गई है।
प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है:अधिकारी
ठाणे के महानगर पालिका आयुक्त संजीव जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार रात से अब तक 140 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। हाईटाइड के दौरान 4.54 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।लगातार बारिश के कारण मलाड सब-वे बंद कर दिया गया।
बीएमसी ने अलर्ट जारी किया
ट्रांस-हार्बर और खारकोपर की ओर चलने वाले कॉरिडोर में सेंट्रल रेलवे की ट्रेनें चल रही हैं। हालांकि,मेन और हार्बर लाइन पर धीमी रफ्तार के कारण ट्रेनें देरी से चल रही हैं। जोगेश्वरी में भारी बारिश के बाद वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर पानी भर गया है। अम्बेडकरनगर, हीरानंदानी, उत्लाषर, उल्हासनगर,दादर, कुर्ला माटुंगा, मलाड, किंगसर्कल, चूनाभट्टी इलाकों में भी जलभराव हुआ। बीएमसी ने अलर्ट जारी किया है।
सीजन की 84% बारिश पूरी
मुंबई में अब तकमानसून सीजन की 84% बारिश हो चुकी है। मौसम का पूर्वानुमान करने वाली निजी संस्था स्काईमेट के प्रमुख महेश पलावत ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और बेहतरीन मानसून के चलते मुंबई, ठाणे और पालघर के इलाकों में अच्छी बारिश हुई है।
भारी बारिश से ओडिशा में अलर्ट
ओडिशा सरकार ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 5 जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। राज्य के स्पेशल रिलीफ कमिश्नर (एसआरसी) ने मलकानगिरी, नबरंगपुर, कलाहांडी और नुआपाड़ा में बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना जताई है। मलकानगिरी में एहतियात के तौर पर 3 से 5 अगस्त तक स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में कुछ स्थानों पर तेज और अलग-अलग स्थानों पर बहुत तेज वर्षा हो सकती है जबकि ओडिशा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, तटीय आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश होने के आसार हैं।
वडोदरा में 35 साल का रिकॉर्ड टूटा
बाढ़ के कारण वडोदरा और आसपास के इलाकों से 5,700 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में बारिश से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसी हफ्ते वडोदरा में बारिश ने 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। पूरे शहर में बाढ़ जैसे हालात हो गए।सड़कों पर मगरमच्छ तैरते दिखे। सूरत में अब तक अधिकतम 159 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं