भास्कर ग्रुप के प्रेसिडेंट हरीश भाटिया पर लिखी किताब का विमोचन, कहा- अच्छा बॉस वही जो साथियों से अच्छा बर्ताव करे
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
रायपुर. करीब 30 साल पहले कानपुर से जब एक लड़का कॉर्पोरेट वर्ल्ड में करियर बनाने निकला, तब कई रंगीन सपने उसके जेहन में दौड़ रहे थे। लेकिन असल दुनिया में कदम रखते ही उसे एहसास हो गया कि किताबी ज्ञान व्यवहारिक ज्ञान के सामने फीका है। इस लड़के ने जमकर मेहनत की। कई मेंटर्स मिले जिन्होंने कॉर्पोरेट वर्ल्ड के दांवपेंच सिखाए और आज वही लड़का दैनिक भास्कर ग्रुप का प्रेसिडेंट है। हम बात कर रहे हैं हरीश एम. भाटिया की, जो देश के सबसे बड़े अखबार दैनिक भास्कर के प्रेसिडेंट हैं।
हरीश के साथ बरसों तक काम कर चुके शिक्षाविद् आशुतोष सिंह ने उनसे सीखी बातों पर एक किताब लिखी है जिसका टाइटल है- The Professional Pursuit। शुक्रवार को कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल में किताब को विमोचन किया गया। इस मौके पर हरीश भाटिया ने कहा, चाहे कॉर्पोरेट वर्ल्ड हो या निजी जीवन, मेंटर की जरूरत हर वक्त, हर किसी को पड़ती है। मेंटर न सिर्फ सही राह दिखाता है, बल्कि कब, क्या करना है और क्या नहीं करना है ये भी बताता है। मेरा मानना है कि आप जो करना चाहते हैं उसे अच्छे से समझ लें, तभी आप सक्सेस हो सकते हैं। हमने इसी थॉट को बिजनेस में अप्लाई किया। मसलन, आप क्लाइंट की हर जानकारी जुटा लें, उसके सामने क्या चुनौतियां हैं, उनका टारगेट क्या है, वो कैसे आगे बढ़ सकते हैं। ये बेसिक है, लेकिन अक्सर लोग बेसिक ही भूल जाते हैं। बतौर बॉस सक्सेस चाहते हैं तो साथियों से अच्छा व्यवहार करें। कभी काम को रिलेशन के बीच न आने दें। हर सुख दुख में साथियों का साथ दें, उन्हें ये लगना चाहिए कि आप हमेशा साथ खड़े हैं। मैंने हमेशा यही किया है। शायद यही वजह है कि आशुतोष ने मुझ पर किताब लिखी।
कार्यक्रम के चीफ गेस्ट संसदीय मामलों और जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे थे। सुरेंद्र प्रताप सिंह गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने की। इस मौके पर दैनिक भास्कर के एडिटर छत्तीसगढ़ शिव दुबे, स्टेट बिजनेस हेड देवेश सिंह भी मौजूद रहे। मंच संचालन आरजे मीनाक्षी ने किया।
'हरीश ने सिखाए कॉर्पोरेट वर्ल्ड के गुर'
किताब के लेखक आशुतोष सिंह ने बताया- मैंने हरीश से ही कॉरपोरेट वर्ल्ड के गुर सीखे हैं। उन्होंने सिखाया कि गॉड लिव्स इन डिटेल्स... यानी कामयाबी चाहिए तो सब्जेक्ट को गहराई तक समझ लो। वे हर सुख-दुख में परिवार की तरह साथ खड़े होते थे। उनसे मिली लर्निंग्स से ही मैं बिजनेस में सक्सेस हो सका। यही वजह है कि उन पर बुक लिखी। कार्यक्रम में बैंड ऑफ 16 ग्रुप ने म्यूजिकल परफॉर्मेंस दी।
किताब में युग बदलने की ताकत होती है: चौबे
मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि गुरु-शिष्य की परंपरा को जिंदा रखते हुए आशुतोष ने जो किताब लिखी है, वह काबिलेतारीफ है। किताब में युग बदलने की ताकत होती है। उम्मीद है ये किताब युवाओं का मार्गदर्शन करेगी।
'करियर में आगे बढ़ने में मदद करेगी किताब'
विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- आज के समय में हर व्यक्ति ये सोचता है कि उसने सब खुद सीखा है। कोई ये नहीं बताना चाहता कि उसने किससे सीखा है। ऐसे में मेंटर पर किताब लिखकर उसकी लर्निंग्स सबसे शेयर करने का प्रयास सराहनीय कदम है। ये किताब हर व्यक्ति को करियर में आगे बढ़ने की दिशा दिखाएगी।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं