पुलवामा अटैक : राजनाथ सिंह ने शहीदों के शव को दिया कंधा, गूंज उठा- वीर जवान अमर रहें
नई दिल्ली. पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, सेना के उत्तरी कमान के चीफ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने श्रीनगर में श्रद्धांजलि दी। राजनाथ सिंह ने जवानों के पार्थिव देह को कंधा दिया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमले के गुनहगारों को सजा जरूर मिलेगी। हमने इसके लिए सुरक्षाबलों को पूरी स्वतंत्रता दे दी है। सैनिकों के शौर्य पर भरोसा है। जवानों के खून की बूंद-बूंद का बदला लेंगे।
न भूलेंगे न ही माफ करेंगे : पुलवामा हमले के करीब 19 घंटे बाद CRPF ने ट्वीट कर कहा, ' हम इस हमले को भूलेंगे नहीं और ना ही माफ करेंगे। हम अपने शहीद साथियों को सैल्यूट करते हैं। शहीद जवानों के परिजनों के साथ खड़े हैं। इस जघन्य हमले का बदला जरूर लिया जाएगा।' ट्वीट से पहले मोदी ने चेताया कि हिंदुस्तान इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा।
हमले के बाद मोदी सरकार की 5 बड़ी बातें : पुलवामा में हुए हमले में 40 जवान शहीद हो गए। आतंकियों के इस कायराना हरकत के बाद पूरे देश में गुस्सा है। सरकार ने बदले की कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक बड़े फैसले लिए।
1- सरकार ने पाकिस्तान को दिया हुआ मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस ले लिया है।
2- विदेश मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने के लिए सभी देशों से बात करेगा। दुनिया के सामने पाकिस्तान के आतंकपरस्ती चेहरे का पर्दाफाश किया जाएगा।
3- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सेना को छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि 'सुरक्षा बलों को आगे की कार्रवाई के लिए, समय क्या हो, स्थान क्या हो और स्वरूप कैसा हो, ये तय करने के लिए पूरी इजाजत दे दी गई है।'
4- मोदी ने देश को भरोसा दिलाते हुए कहा कि हमले के पीछे जो ताकत हैं, जो भी गुनहगार है, उन्हें उनके किए की सजा मिलेगी।
5- मोदी ने कहा, 'मैं पाक आतंकियों और उनके समर्थकों को कहना चाहता हूं कि वे बहुत बड़ी गलती कर चुके हैं। बहुत बड़ी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं