दूसरे ड्राइवर चला रहे कैब; उबर की मॉनिटरिंग ढीली, सीईओ पर होगा केस: एसएसपी
नोएडा. ग्रेटर नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर से उबर कैब में दुष्कर्म और फिर पैसे लूटने के मामले में पुलिस की जांच में उबर की कई लापरवाही सामने आई हैं। इसे देखते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण ने कहा कि उबर लोगों की सेफ्टी को लेकर बड़ी लापरवाही बरत रहा है। इसलिए इसके सीईओ और जीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही नोटिस दिया जाएगा कि आखिर केस में सूचना मिलने के बाद कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
लापरवाही पर सवाल
- घटना के बाद युवती ने ड्राइवर के खिलाफ उबर सपोर्ट पर शिकायत की थी तो कंपनी ने पुलिस को इसकी जानकारी तुरंत क्यों नहीं दी?
- कैब को रजिस्टर्ड की जगह दूसरा ड्राइवर चला रहा है तो इस बारे में कंपनी को जानकारी क्यों नहीं मिलती? इसके लिए मॉनिटरिंग सिस्टम क्यों नहीं है?
- खासतौर पर रात में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दिल्ली में बड़ी घटना के बाद भी उबर ने कोई सिस्टम क्यों नहीं बनाया?
दो महीने पहले की घटना
इसलिए एफआईआर दर्ज की जाएगी। 5 दिसंबर की रात 10:30 बजे उबर कैब बुक कर नोएडा आ रही युवती को ड्राइवर सुनसान स्थान पर ले गया था। वहां चाकू के बल पर दुष्कर्म किया। आरोपी ड्राइवर आरव उर्फ नरवीर ने युवती के पास से 1000 रुपए लूट लिए थे। युवती ने कुछ घंटे बाद उबर में शिकायत कर दी थी, लेकिन उबर की ओर से पुलिस को 9 फरवरी को जानकारी दी गई। बिसरख थाना पुलिस ने 14 फरवरी को आरोपी ड्राइवर और कैब के मुख्य ड्राइवर को अरेस्ट किया था।
उबर के ड्राइवरों का नाम लूट की कई घटनाओं में आया
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि हाल में कासना थाने में लिफ्ट देकर की गईं लूटपाट की कई घटनाओं में शामिल ड्राइवर उबर का ही निकला था। जिससे साफ होता है कि उबर की तरफ से बड़ी लापरवाही की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं