कांग्रेस ने कहा- वामदलों को विस चुनाव में सीट देंगे, लोकसभा में मुश्किल
रांची.विपक्षी महागठबंधन की गांठ खुलने का नाम ही नहीं ले रही है। अब कांग्रेस और वामदल दोनों आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि वामदलों को लोकसभा चुनाव में एक भी सीट देना मुश्किल है। उन्हें विधानसभा चुनाव में एडजस्ट करेंगे। इसके बाद भाकपा के राज्य सचिव भुवनेश्वर मेहता ने ऐलान किया कि वाम दल लोकसभा चुनाव में कोडरमा, धनबाद, हजारीबाग और गोड्डा से अपना प्रत्याशी उतारेगी। कुछ अन्य सीटों के लिए भी बातचीत चल रही है।
शनिवार को डॉ. अजय कुमार ने कहा कि महागठबंधन में वामदलों को भी शामिल किया जाएगा लेकिन उन्हें विधानसभा में सीट दी जाएगी। महागठबंधन के सभी दल थोड़ा-थोड़ा प्रयास करके उनके लिए विधानसभा में सीट निकालेंगे। उन्होंने कहा कि लेफ्ट से बात हुई है। वाम दल में पांच घटक दल हैं उनमें से एक से बात नहीं हुई है। बाकी लोग सहमत हैं। महागठबंधन में सीट शेयरिंग पूरा हो चुका है। हमारा एडजस्टमेंट इंटरनल है। रणनीतिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रांची के मोरहाबादी मैदान में आएंगे। इसकी सहमति मिली है। लेकिन वे कब आएंगे यह अभी फाइनल नहीं हुआ है। आलाकमान से तिथि की पुष्टि होने पर बताएंगे।
कांग्रेस को पता है किन सीटों पर उम्मीदवार दें : अजय
गोड्डा सीट पर चल रही खींचतान पर डॉ. अजय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कौन दल कहां से लड़ेगा, यह महागठबंधन में शामिल पार्टियों को मालूम है। हमें भी मालूम है कि उन्हें किन-किन सीटों पर उम्मीदवार देना है। वैसे कांग्रेस ने सभी 14 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम मंगाए हैं।
23 की बैठक में तय होंगे प्रत्याशियों के नाम
डॉ अजय ने कहा कि 23 को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होगी। उसमें कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा। सभी सीटों पर तीन से चार उम्मीदवारों की सूची भेजी जानी है। जहां ज्यादा मजबूत उम्मीदवार होंगे वहां पांच की सूची भी केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी जा सकती है।
24 को गुमला में होगी अगली प्रमंडलीय रैली
डॉ. अजय ने कहा कि कांग्रेस की दो बड़ी प्रमंडलीय रैलियों से लोगों में काफी उत्साह है। केंद्र व राज्य सरकार से परेशान युवाओं की उम्मीदें बढ़ी हैं। अगली रैली 24 फरवरी को गुमला में की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं