ईडी ने कहा- शिवकुमार के पास 800 करोड़ की बेनामी संपत्ति, कोर्ट ने 17 सितंबर तक हिरासत बढ़ाई
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली. कर्नाटक कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में हिरासत की अवधि 17 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। ईडी ने शुक्रवार को अदालत में कहा कि शिवकुमार के पास 800 करोड़ की बेनामी संपत्ति और 200 करोड़ रुपए का कालाधन है। इसके बाद विशेष न्यायाधीश अजय कुमार कुहार ने कांग्रेस नेता की कस्टडी 5 दिन बढ़ा दी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिवकुमार को 3 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। उनकी हिरासत की अवधि शुक्रवार को खत्म हो रही थी।
ईडी ने कहा- पूछताछ के दौरान शिवकुमार ने गोलमोल जवाब दिए
ईडी की तरफ से एडिशनल सॉलिसीटर जनरल केएम नटराज ने कहा- पूछताछ के दौरान शिवकुमार ने सवालों के गोलमोल और बेतुके जवाब दिए हैं। उनकी ज्यादातर संपत्तियां बेनामी हैं। उनके खिलाफ जांच में इस बात का पता चला है। ईडी ने अब तक जांच के दौरान जो दस्तावेज जमा किए हैं, उन्हें सामने रखकर शिवकुमार से पूछताछ करनी जरूरी है। इसकी पूरी जानकारी केवल शिवकुमार के पास ही है।
ईडी की दलीलों पर जस्टिस अजय कुमार ने कहा- मुझे नहीं लगता है कि अगले पांच दिनों में भी वो इन सवालों के जवाब नहीं देंगे। आप उनकी कस्टडी क्यों चाहते हैं। इस पर केएम नटराज ने कहा कि दूसरे कुछ आरोपियों के भी बयान जांच एजेंसी ने दर्ज किए हैं और उनसे भी कांग्रेस नेता का आमना-सामना कराया जाना जरूरी है।
शिवकुमार कानून का पालन करने वाले व्यक्ति- सिंघवी
ईडी की दलील पर शिवकुमार के वकील एएम सिंघवी कहा कि शिवकुमार की तबीयत बेहद नासाज है और उनका अस्पताल में रहना बेहद जरूरी है। केवल इसलिए कि 15 दिन की कस्टडी दिए जाने का अधिकार है, तो ऐसे में जरूरी नहीं कि इतने दिन की कस्टडी दी ही जाए। आपके पास जवाब देने का अधिकार है, लेकिन आप स्वत: ही रिमांड का दावा नहीं कर सकते हैं। शिवकुमार कानून का पालन करने वाले व्यक्ति हैं और उन्हें अधिकार है कि अच्छे से अच्छा अस्पताल उन्हें मुहैया कराया जाए।
मैं भाजपा की बदले की राजनीति का शिकार हुआ- शिवकुमार
ईडी ने शिवकुमार, नई दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन में एक कर्मचारी और अन्य के खिलाफ पिछले साल सितंबर में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। गिरफ्तारी पर डीके शिवकुमार ने कहा था- मैं अपने भाजपा के अपने साथियों को मुझे गिरफ्तार करने के मिशन में सफलता के लिए बधाई देता हूं। मेरे खिलाफ आईटी और ईडी के केस राजनीति से प्रेरित हैं। मैं भाजपा की बदले की राजनीति का शिकार हुआ हूं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं