शराब न मिलने पर महिला वकील ने एयर इंडिया क्रू से गलत व्यवहार किया, 6 महीने की सजा
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
लंदन. मुंबई से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में शराब न मिलने पर क्रू मेंबर्स के साथ गाली गलौज करने वाली आयरलैंड की मानवाधिकार वकील को यूके की अदालत ने 6 महीने की सजा सुनाई। आरोपी सिमोन बर्न्स को उड़ान के दौरान एयर इंडिया के क्रू मेंबर्स के साथ गलत व्यवहार का दोषी पाया गया।
सिमन बर्न्स इंग्लैंड में रहती हैं। वे पिछले साल नवंबर में मुंबई से लंदन की यात्रा कर रही थीं। उन्होंने काफी शराब पी रखी थी। जब क्रू मेंबर्स ने उन्हें और शराब देने से मना कर दिया तो वे गाली गलौज पर उतर आईं। महिला वकील ने फ्लाइट में शराब की तीन बोतलें पीं। इसके बाद जब क्रू-मेंबर ने उन्हें शराब की चौथी बोतल देने से मना कर दिया, तब महिला ने उसे पैसा हड़पने वाला चोर कहा। उन्होंने एक क्रू-मेंबर के चेहरे पर थूक भी दिया।
कोर्ट ने कहा- वकील नेलोगों की सुरक्षा को खतरे में डाला
लंदन की क्रॉउन कोर्ट ने सिमोन बर्न्स को सुनवाई के दौरान नशे और आपत्तिजनक स्थिति में माना। कोर्ट ने उन्हें क्रू मेंबर्स के साथ नस्लवादी टिप्पणी करने का भी दोषी माना। जज निकोलस वुड ने कहा, एक लंबी दूरी की फ्लाइट में नशे में तर्कहीन बाते करना डरावना है और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालना है। उन्होंने फ्लाइट में शराब पीने पर 6 महीने और गाली-गलौज करने पर 2 महीने की सजा सुनाई। दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी।
कोर्ट ने उन्हें उस व्यक्ति को 300 पाउंड का मुआवजा देने को कहा, जिसके खिलाफ उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। जज ने कहा, क्रू मेंबर के चेहरे पर सीधे थूकना एक विशेष रूप से अपमानजनक और परेशान करने वाला है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं