मोदी सरकार के 47 मंत्रियों ने चुनाव लड़ा, 41 जीते, 6 हारे; सक्सेस रेट 87%
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली. एनडीए की पिछली सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 71 मंत्री थे, जिनमें से 47 ने चुनाव लड़ा और 41 जीतकर आए। यानी मोदी सरकार के मंत्रियों का सक्सेस रेट 87% रहा। सिर्फ 6 मंत्री ही इस बार का चुनाव हारे। जीतने वाले 41 में से 33 मंत्री ऐसे थे जो 1 लाख से ज्यादा वोटों से जीते। हरियाणा की फरीदाबाद सीट से कृष्णपाल सिंह सबसे ज्यादा के अंतर से चुनाव जीते। उन्होंने कांग्रेस के अवतार सिंह भडाना को 6,38,239 वोटों से हराया। पश्चिम बंगाल की बर्धमान दुर्गापुर सीट से निर्वाचित हुए एसएस अहलूवालिया सबसे कम अंतर से जीते। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की ममताज संघमिता को 2,349 वोटों से हराया।
15 मंत्री राज्यसभा में, 6 मंत्रियों के टिकट काटे गए थे
मोदी सरकार में 71 में से 15 मंत्री राज्यसभा में हैं, जबकि 6 मंत्रियों के टिकट काटे गए थे। तीन मंत्रियों- सुषमा स्वराज, उमा भारती और रामविलास पासवान ने चुनाव नहीं लड़ा था।
जो 6 मंत्री हारे, उनमें से 5 को 3 लाख से ज्यादा वोट मिले
इस चुनाव में जो मंत्री हारे हैं, उनमें से 5 को 3 लाख से ज्यादा वोट मिले थे। इनमें से सबसे ज्यादा 5,14,744 वोट हंसराज अहीर को मिले, जो महाराष्ट्र की चंद्रपुर से खड़े हुए थे। उन्हें कांग्रेस के सुरेश धानोरकर ने 44,763 वोटों से हराया। जबकि, महाराष्ट्र की ही रायगढ़ सीट से खड़े हुए शिवसेना के अनंत गीते सबसे कम 31,438 वोटों के अंतर से हारे। उन्हें 4,55,530 वोट मिले थे।
| हारने वाले मंत्री | वोट मिले | मार्जिन |
| अनंत गीते | 455530 | 31438 |
| मनोज सिन्हा | 446690 | 119392 |
| हरदीप सिंह पुरी | 345406 | 99626 |
| केजे अल्फोंस | 137749 | तीसरे नंबर पर रहे |
| हंसराज अहीर | 514744 | 44763 |
| पी. राधाकृष्णन | 367302 | 259933 |
मोदी सरकार में 4 महिला मंत्री दोबारा जीतीं, स्मृति पहली बार लोकसभा सदस्य बनीं
मोदी सरकार में मंत्री रहीं मेनका गांधी, हरसिमरत कौर बादल, अनुप्रिया पटेल और साध्वी निरंजन ज्योति ने चुनाव जीता। स्मृति ईरानी पहली बार लोकसभा सांसद बनीं हैं। उन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को 55,120 वोटों से हराया।
8 मंत्री 1 लाख के कम अंतर से जीते
| वोटों का अंतर | कितने मंत्री जीते |
| 1 लाख से कम | 8 |
| 1 लाख से 2 लाख | 9 |
| 2 लाख से 3 लाख | 11 |
| 3 लाख से 4 लाख | 6 |
| 4 लाख से 5 लाख | 5 |
| 5 लाख से 6 लाख | 1 |
| 6 लाख से ज्यादा | 1 |
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं