फैनी तूफान से राज्य में तबाह हुए 5.5 लाख घर, सरकार को 9 हजार करोड़ रुपए का नुकसान

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

भुवनेश्वर. ओडिशा में पिछले महीने आए 20 साल के सबसे ताकतवर तूफान फैनी ने राज्य में भारी तबाही मचाई है। ओडिशा सरकार के विशेष राहत आयुक्त के मुताबिक, अलग-अलग विभागों की जांच में सामने आया है कि राज्य को इससे 9336 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। तूफान से 1.6 करोड़ लोग प्रभावित हुए और करीब 5.5 लाख घर पूर्ण या आंशिक रूप से तबाह हुए। इस सिलसिले में ओडिशा सरकार ने क्षतिपूर्ति के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (एनडीआरएफ) से 5227 करोड़ रु. की मदद मांगी है।

बताया गया है कि तूफान के चलते करीब 6643 करोड़ रुपए की सार्वजनिक संपत्तियां तबाह हुईं। इसके अलावा प्रभावित लोगों के राहत और बचाव कार्य में 2692 करोेड़ की लागत आई। राज्य सरकार अब तक आपदा प्रबंधन के लिए जिलों और विभागों को 1357 करोड़ दे चुकी है।


तूफान से 1.88 लाख हेक्टेयर खेती का इलाका प्रभावित
ओडिशा के 20,367 गांवों में हुए सर्वे में सामने आया कि तूफान की चपेट में आकर 64 लोगों की मौत हो गई, वहीं 12 लोग बुरी तरह घायल हुए। इसके अलावा करीब 1.88 लाख हेक्टेयर का खेती का इलाका बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 2650 बड़े जानवर, 3632 छोटे जानवर और 53 लाख से ज्यादा पक्षी भी तूफान के बाद से लापता हैं।

12 लाख लोगों को बचाया गया
20 साल पहले यानी 1999 में इसी तरह का सुपरसाइक्लोन ओडिशा से टकराया था। तब करीब 10 हजार लोग इस आपदा का शिकार बने थे। इस बार क्षति इसलिए कम हुई, क्योंकि राज्य और केंद्र सरकार को काफी पहले तूफान की जानकारी मिल चुकी थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी युद्धस्तर पर की गई थी। इस बार 12 लाख लोगों को बचाया गया। 26 लाख लोगों को मैसेज कर तमाम जानकारियां दी गईं। इसके अलावा 43 हजार कर्मचारियों और वॉलंटियर्स को हालात से निपटने के लिए तैनात किया गया था।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Odisha incurred loss of over 9000 crore due to disaster brought by cyclone Fani
Odisha incurred loss of over 9000 crore due to disaster brought by cyclone Fani

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.