राहुल गांधी ने कहा- वायनाड के हर नागरिक के लिए मेरे दरवाजे खुले
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
तिरुवनंतपुरम.कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को मतदाताओं का आभार जताने के लिए पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस पार्टी से हैं। आपने मुझे जो समर्थन दिया, वो अद्वितीय है। वायनाड के हर व्यक्ति के लिए मेरे घर के दरवाजे खुले हैं। वायनाड से जीतने के बादराहुल का केरल का यह पहला दौरा है।वहीं,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को केरल और रविवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति का दौरा करेंगे।
राहुल ने मल्लापुरम में रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं केरल का सांसद हूं। यह मेरी जिम्मेदारी है कि न सिर्फ वायनाड बल्कि पूरे केरल के नागरिकों से जुड़े मुद्दों को आवाज दूं।वायनाड के लोगों की आवाज सुनना और उनकी आवाज बनना मेरा कर्तव्य है। आप सभी के प्रेम और स्नेह का धन्यवाद, जो आपने मेरे लिए दिखाया।राहुल ने केरल और उत्तरप्रदेश की दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। अमेठी में उन्हें स्मृति ईरानी से हार मिली, जबकि वायनाड में राहुल 4 लाख 31 हजार से ज्यादा वोट से जीते थे।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। वे तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को केरल में रहेंगे। शनिवार को वायनाड जिले में उनका रोड शो होगा। राहुल ने बताया कि तीन दिन में वे 15 जगह स्वागत समारोह में शामिल होंगे।
I will be in Wayanad, Kerala starting this afternoon and till Sunday to meet citizens & Congress Party workers. It's a packed schedule with over 15 public receptions planned over the next 3 days. pic.twitter.com/1r71RsgI9X
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 7, 2019
किसानों की खुदकुशी पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था
जीत के बाद राहुल ने 24 मई को वायनाड की जनता का आभार जताया था। इसके बाद 31 मई को उन्होंने मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को पत्र लिखकर वायनाड में कर्ज की वजह से खुदकुशी करने वाले किसानों की जानकारी मांगी थी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया था किसानों के परिवार की आर्थिक मदद का दायरा बढ़ाया जाए।
केरल और आंध्र प्रदेश जाएंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को केरल और रविवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति का दौरा करेंगे। मोदी का दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यहां का ये पहला दौरा है। मोदी शनिवार को केरल में गुरुवयुर के श्री कृष्णा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे त्रिशूर में जनसभा करेंगे। मोदी रविवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति पहुंचकर भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा करेंगे।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं