भारतीय टीम का चयन आज, वनडे में नंबर-4 की समस्या सुलझा सकते हैं सिलेक्टर्स
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
खेल डेस्क. वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन आज होगा। वर्ल्ड कप के बाद यह टीम का पहला दौरा है। वनडे में नंबर-4 की पोजीशन टीम इंडिया के लिए परेशानी वाली रही है। चयन समिति अब इस स्थान के लिए तीन खिलाड़ियोंशुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और मनीष पांडे को आजमा सकती है। टीम को दौरे पर तीन टी20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। कप्तान विराट कोहली यदि तीनों फॉर्मेट में उतरते हैं, तो उपकप्तान रोहित शर्मा को कुछ मैचों में आराम भी दिया जा सकता है।
इंडिया ए की टीम अभी विंडीज दौरे पर ही है। यहां वनडे सीरीज में गिल ने 3 पारियों में 50 की औसत से 149 रन बनाए। इसमें दो अर्धशतक शामिल है। मनीष पांडे ने 4 पारियों में 39 की औसत से 155 रन बनाए। एक शतक भी लगाया। अय्यर ने 3 पारियों में 126 रन बनाए हैं,1 अर्धशतक लगाया। विजय शंकर, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव पर भी नजर रहेगी।
टेस्ट में भारतीय टीम ने 18 महीने में 6 जोड़ियों को मौका दिया
पिछले 18 महीने की बात करें तो टीम इंडिया ने टेस्ट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा 6 जोड़ियों को देश के बाहर मौका दिया। लेकिन एक भी पारी में वे शतकीय साझेदारी नहीं कर सके। इस कारण टीम ने सबसे ज्यादा 7 मैच भी हारे। ऐसे में इस बार चयनकर्ता कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं।
भरत सरप्राइज हो सकते हैं
आंध्र प्रदेश के विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर भरत ने पिछले एक साल में इंडिया ए और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंनेजुलाई 2018 से अब तक इंडिया ए की ओर से 14 पारियों में 56 की औसत से 686 रन बनाए। तीन शतक भी लगाए। वहीं फर्स्ट क्लास की 21 पारियों में 44 की औसत से 829 रन बनाए, जिनमेंतीन शतक भी शामिल हैं। भरत टेस्ट टीम की रेस में बताए जा रहे हैं।
टेस्ट: राहुल और मयंक ओपनर के तौर पर पहली पसंद
राहुल और मयंक अग्रवाल बतौर ओपनिंग जोड़ी पहली पसंद हैं। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में वे सिर्फ 10 रन की साझेदारी कर सके थे। टेस्ट में खराब प्रदर्शन के कारण धवन और मुरली विजय रेस से बाहर हो चुके हैं। तीसरे ओपनर के तौर पर गुजरात के प्रियांक पांचाल या बंगाल के अभिमन्यु ईश्वरन को मौका दिया जा सकता है। पांचाल ने पिछले रणजी सीजन में 17 पारियों में 60 की औसत से 898 रन बनाए। इसमें 4 शतक शामिल हैं।
वहीं, अभिमन्यु ने 11 पारियों में 96 की औसत से 861 रन बनाए। तीन शतक लगाए। अभिमन्यु ने पिछले साल श्रीलंका ए के खिलाफ टेस्ट में दोहरा शतक लगाया था। इसी मैच में पांचाल ने भी शतकीय पारी खेली थी। पंत पहली पसंद हैं। साहा चोट के कारण जनवरी 2018 से कोई भी फर्स्ट क्लास मैच नहीं खेल सके हैं।
टी20: चाहर भाइयों को मौका मिल सकता है
दीपक चाहर और लेग स्पिनर राहुल चाहर को भी टीम में मौका दिया जा सकता है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर और लेग स्पिनर राहुल चाहर को मौका दिया जा सकता है। दोनों गेंदबाजों ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था। अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए दोनों पर नजर रहेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2020 में ऑस्ट्रेलिया में होना है।
दौरे का पूरा शेड्यूल
टी-20 सीरीज
पहला मैच : 3 अगस्त को फ्लोरिडा के ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम के टर्फ ग्राउंड पर खेला जाएगा।
दूसरा मैच : 4 अगस्त को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
तीसरा मैच : 6 अगस्त को प्रॉविडेंस स्टेडियम गुयाना (वेस्ट इंडीज) में खेला जाएगा।
वनडे सीरीज
पहला मैच : 8 अगस्त को गुयाना के प्रॉविडेंस स्टेडियम में खेला जाएगा।
दूसरा मैच : 11 अगस्त को पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिडाड) के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा।
तीसरा मैच : 14 अगस्त को पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिडाड) के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा।
टेस्ट सीरीज
पहला टेस्ट : 22 से 26 अगस्त के बीच एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
दूसरा टेस्ट : 30 अगस्त से 3 सितंबर तक किंग्सटन जमैका के सबीना पार्क में खेला जाएगा।
(नोट: सभी वनडे और टेस्ट मैच भारतीय समय के अनुसार रात 7 बजे, जबकि सभी टी20 रात 8 बजे से शुरू होंगे।)
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं