भारत ने पोलैंड को 10-0 से हराया, फाइनल में दक्षिण कोरिया से होगी भिड़ंत
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
इपोह (मलेशिया). भारतीय हॉकी टीम ने अजलान शाह कप में शुक्रवार को यहां पोलैंड को 10-0 से हरा दिया। इसके साथ ही उसने फाइनल में जगह बनाई। उसके 8 खिलाड़ियों ने गोल किए।वरुण कुमार और मनदीप सिंह ने 2-2 गोल किए, जबकि विवेक प्रसाद, सुमित कुमार, अमित रोहिदास, सुरेंदर कुमार, सिमरनजीत सिंह और नीलकांत शर्मा ने 1-1 गोल किए। अब 30 मार्च को खिताबी मुकाबले में दक्षिण कोरिया से उसकी भिड़ंत होगी। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है।
भारत ने अपने पहले मुकाबले में जापान को 2-0 से हराया था। इसके बाद दक्षिण कोरिया के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। भारतीय टीम ने अपने तीसरे मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ 4-2 से जीत हासिल की। चौथे मैच में उसने कनाडा को 7-3 से हराया था।
भारत का 18 गोल के अंतर से आगे
यह टूर्नामेंट राउंड-राबिन के आधार पर खेला जा रहा है। इसमें लीग मुकाबलों में टॉप पर रहने वालों दो टीमों के बीच फाइनल होता है। भारतीय टीम 5 मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में टॉप पर है। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक 24 गोल किए हैं, जबकि सिर्फ 6 खाए हैं।
दक्षिण कोरिया दूसरे नंबर पर
दक्षिण कोरिया ने 4 मैच में 10 अंक हासिल किए हैं। उसने 12 गोल किए और 7 खाए हैं। उसका 5वां मैच जापान से है। यदि वह जापान से जीत भी जाता है तब भी दूसरे नंबर पर ही रहेगा। यदि वह जापान को 14 या उससे ज्यादा गोल के अंतर से हारने में सफल रहताहै, तब पहले नंबर पर पहुंच जाएगा।
विवेक प्रसाद ने भारत का खाता खोला
इस मैच में पहले मिनट मेंविवेक प्रसाद ने फील्ड गोल किया। छह मिनट बाद सुमित कुमार ने फील्ड गोल कर भारतीय टीम की बढ़त 2-0 कर दी। 18वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। वरुण कुमार ने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।
वरुण कुमार ने दोनों पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला
अगले मिनट में भारत को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार कप्तान सुरेंदर कुमार ने इसे गोल में बदला। 25वें मिनट में भारतीय टीम फिर से पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रही। वरुण कुमार ने फिर इसे गोल बदल दिया।
मनदीप सिंह ने 2 मिनट में 2 गोल किए
सिमरनजीत सिंह ने 29वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत का स्कोर 6-0 कर दिया। सात मिनट बाद नीलकांत शर्मा ने फील्ड गोल किया। आखिरी क्वार्टर शुरू होने के 5वें मिनट बाद मनदीप सिंह ने फील्ड गोल किया। अगले मिनट वे फिर से फील्ड गोल करने में कामयाब रहे। 55वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार अमित रोहिदास ने इसे गोल में बदला।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं