दक्षिण के तीन राज्यों में मोदी की रैलियां, ओडिशा में कर रहे संबोधित
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान में शुक्रवार को दक्षिण के तीन राज्यों में रैलियां करेंगे। वे सबसे पहले ओडिशा के कोरापुट में संबोधित कर रहे हैं। इसके बाद दोपहर को तेलंगाना के मेहबूबनगर और शाम को आंध्रप्रदेश के करनूल में जनसभा को संबोधित करेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हरियाणा और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बिहार और बंगाल में प्रचार करेंगे।
मोदी आखिरी बार 15 जनवरी को राज्य के दौरे पर आए थे। लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए वे 1 अप्रैल को कालाहांडी में भी रैली करेंगे। पिछले चुनाव में भाजपा को यहां की 21 में से सिर्फ एक सीट मिली थी। इस बार ओडिशा की पुरी सीट से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा चुनाव लड़ेंगे। ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं।
कल भी तीन राज्यों में रैलियां की थीं
मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर, उत्तरप्रदेश के मेरठ और जम्मू-कश्मीर के अखनूर से रैलियां की थीं। इन तीन क्षेत्रों में पहले चरण के तहत 11 अप्रैल को चुनाव होने हैं। मेरठ में मोदी ने विपक्ष के महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा और इसे महामिलावट बताया था। उन्होंने यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए हुए सपा, रालोद और बसपा के गठबंधन की तुलना 'सराब' से की। प्रधानमंत्री ने कहा था कि शराब इतनी बुरी चीज है कि लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देती है। पीएम ने सर्जिकल और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को भी आड़े हाथों लिया और पूछा कि देश के सपूत चाहिए या सबूत?
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं