हैदराबाद के खिलाफ मैच आज, बेंगलुरु की नजर टूर्नामेंट में पहली जीत पर
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
खेल डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण में रविवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 4 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला रात 8 बजे से एम चिदंबरम स्टेडियम पर चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होगा।
चारों टीमें 2-2 मैच खेल चुकी हैं। चेन्नई ने अपने दोनों मैच जीते हैं। हैदराबाद 2 में से एक मैच जीतने में सफल रहा, जबकि बेंगलुरु और राजस्थान एक भी मैच में जीत हासिल नहीं कर पाए हैं। हैदराबाद की टीम राजस्थान के खिलाफ पिछले 5में से 3 मैच में जीत हासिल करने में सफल रही है, जबकि एक में उसे हार झेलनी पड़ी है। एक मुकाबला रद्द हो गया था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु :बेंगलुरु की टीम को अपनी बल्लेबजी मजबूत करने की जरूरत है। टीम अपने पहले मैच में महज 70 रन पर ऑलआउट हो गई थी। दूसरे मैच में वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ 187 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी। उस मैच में एबी डिविलियर्स ने नॉटआउट 70 रन बनाए थे, लेकिन टीम जीत हासिल करने में असफल रही थी। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने पिछले मैच में 4 विकेट लिए थे। टीम को इस मैच में भी उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद :यह मैच हैदराबाद के घरेलू मैदान पर होगा। शुक्रवार रात उसने इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की थी। जाहिर है उसका आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ होगा। यहां की पिच धीमी रहने की उम्मीद है। उस मैच में डेविड वॉर्नर ने 37 गेंद पर 69, जॉनी बेयर्स्टो ने 28 गेंद पर 45 और विजय शंकर ने 15 गेंद पर 35 रन की पारी खेली थी। हैदराबाद को इस मैच में भी वॉर्नर, बेयर्स्टो और विजय शंकर से वैसी ही बल्लेबाजी की उम्मीद होगी।
राजीव गांधी स्टेडियम पर दोनों टीमों के आंकड़े
| टीम | उच्चतम स्कोर | न्यूनतम स्कोर |
| हैदराबाद | 209/3 vs कोलकाता (30-04-2017) | 113 vs मुंबई इंडियंस (17-05-2015) |
| बेगंलुरु | 263/5 vs पुणे वॉरियर्स(23-04-2013) | 123/9 vs डेक्कन चार्जर्स (20-05-2012) |
दोनों टीमें :
सनराइजर्स हैदराबाद : भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), डेविड वॉर्नर, अभिषेक शर्मा, जॉनी बेयर्स्टो, खलील अहमद, रिकी भुई, बासिल थम्पी, श्रीवत्स गोस्वामी, मार्टिन गुप्टिल, दीपक हुड्डा, सिद्धार्थ कौल, मोहम्मद नबी, शहबाज नदीम, टी. नटराजन, मनीष पांडे, यूसुफ पठान, राशिद खान, ऋद्धिमान साहा, संदीप शर्मा, विजय शंकर, शाकिब अल हसन और बिली स्टेनलेक।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), मार्क्स स्टोइनिस, शिमरोन हेटमेयर, शिवम दुबे, नाथन कूल्टर-नाइल, वॉशिंगटन सुंदर, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, हेनरिक क्लासेन, मोइन अली, कॉलिन डी ग्रांडहोम, पवन नेगी, टिम साउदी, अक्षदीप नाथ, मिलिंद कुमार, देवदत्त पडिक्कल, गुरकीरत सिंह, प्रार्थना रे बर्मन, कुलवंत केजरोलिया, नवदीप सैनी, हिम्मत सिंह।
चेन्नई की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने पर नजर
चेन्नई सुपरकिंग्स : चेन्नई दूसरी बार अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी। पिछले मैच में उसने बेंगलुरु को 7 विकेट से हरा दिया था, लेकिन 71 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए उसे 17.4 ओवर खेलने पड़े थे। ऐसे में उसकी कोशिश इस बार अच्छी गेंदबाजी के साथ बढ़िया बल्लेबाजी करने की भी होगी। चेन्नई के अब तक 2 मैच में 4 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट के आधार पर वह दूसरे नंबर पर है। ऐसे में उसकी नजर राजस्थान को हराकर तालिका में शीर्ष पर पहुंचने की होगी।
राजस्थान रॉयल्स : राजस्थान को अब तक किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 14 रन और सनराइजर्स हैदराबाद से 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान ने हैदराबाद के खिलाफ 198 रन बनाए थे लेकिन उसके गेंदबाज बड़े स्कोर का बचाव नहीं कर पाए। पंजाब के खिलाफ राजस्थान की टीम 184 के स्कोर के सामने 170 रन बना ही पाई थी। आंकड़े बताते हैं कि उसके बल्लेबाज और गेंदबाज बढ़िया प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। हालांकि, मैच जीतने के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में एकसाथ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अब राजस्थान की कोशिश होगी कि वह इस मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बढ़िया प्रदर्शन करे और चेन्नई को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल करे।
एम चिदंबरम स्टेडियम पर दोनों टीमों के आंकड़े
| टीम | उच्चतम स्कोर | न्यूनतम स्कोर |
| चेन्नई | 246/5 vs राजस्थान (03-04-2010) | 112 vs मुंबई इंडियंस (04-04-2012) |
| राजस्थान | 223/5 vs चेन्नई सुपरकिंग्स (03-04-2010) | 145/9 vs चेन्नई सुपरकिंग्स (10-05-2015) |
दोनों टीमें :
चेन्नई सुपरकिंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), अंबाती रायडू, शेन वाटसन, सुरेश रैना, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, हरभजन सिंह, इमरान ताहिर, मुरली विजय, ध्रुव शौरी, फॉफ डुप्लेसिस, रितुराज गायकवाड़, मिशेल सैंटनर, डेविड विली, सैम बिलिंग्स, समीर, मोनू कुमार, कर्ण शर्मा, केएम आसिफ, मोहित शर्मा।
राजस्थान रॉयल्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कृष्णप्पा गौतम, संजू सैमसन, श्रेयस गोपाल, आर्यमान बिड़ला, एस. मिधुन, प्रशांत चोपड़ा, स्टुअर्ट बिन्नी, राहुल त्रिपाठी, बेन स्टोक्स, स्टीव स्मिथ, जोस बटलर, जोफरा आर्चर, ईश सोढ़ी, धवल कुलकर्णी, महिपाल लोमरोर, जयदेव उनादकट, वरुण एरॉन, ओशेन थॉमस, शशांक सिंह, लियाम लिविंगस्टोन, शुभम रंजाने, मनन वोहरा, एश्टन टर्नर, रियान पराग।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं