मुंबई से 100 किमी दूर बाढ़ में फंसी ट्रेन, सभी 700 यात्री 17 घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
मुंबई.महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई से 100 किमी दूर बदलापुर-वांगनी के बीच बाढ़ के चलते शुक्रवार रात करीब 10बजे महालक्ष्मी एक्सप्रेस फंस गई। इसमें 700 यात्री सवार थे। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 9 बजे सेना और एनडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दोपहर तीन बजे तक सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए। वहीं, मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों जलभराव के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। मुंबई में शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर के बीच 219 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
खराब मौसम की वजह से लोगों को एयरलिफ्ट करने में परेशानी आ रही है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि वायुसेना और नौसेना के हेलिकॉप्टर सिर्फ हवाई सर्वे कर बेस पर लौट आए। दूसरी ओर, महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे के एक पेट्रोल पंप और रिजॉर्ट में फंसे 115 लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए सेना और एनडीआरएफ से मदद मांगी।
7 फ्लाइट रद्द, 9 को डायवर्ट किया गया
शनिवार सुबह छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एमआईएएल) के पब्लिक रिलेशन अधिकारी के मुताबिक, 7 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 9 को डायवर्ट किया गया। अन्य उड़ानों में औसतन 30 मिनट की देरी हो रही। वहीं, कल्याण से कर्जत की सभी ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया।
देश के 10 शहर जहां बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश हुई
| राज्य | कहां | बारिश (सेंटीमीटर में) |
| महाराष्ट्र | माथेरान | 43.7 |
| महाराष्ट्र | महाबलेश्वर | 23.9 |
| महाराष्ट्र | ठाणे | 23.6 |
| महाराष्ट्र | सांता क्रूज | 21.9 |
| महाराष्ट्र | अलीबाग | 14.0 |
| महाराष्ट्र | हरनाई | 11.8 |
| महाराष्ट्र | कोलाबा | 9.0 |
| राजस्थान | जयपुर | 8.4 |
| ओडिशा | पुरी | 8.4 |
| प बंगाल | डायमंड हार्बर | 8.2 |
(सोर्स- स्काईमेट)
मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर में 26 और 28 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार घंटों में ठाणे, रायगढ़ और मुंबई में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र और पानी भरे हुए इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। अगले 24 से 48 घंटों में राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश और गुजरात में भारी बारिश के आसार हैं।
पुलिस ने समुद्र से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी
मुंबई पुलिस ने कहा कि हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे जल-जमाव वाले क्षेत्रों में न जाएं। समुद्र से दूरी बनाए रखें। किसी भी मदद के लिए हमें 100 नंबर पर फोन करें। एयरपोर्ट के अधिकारी ने कहा- खराब मौसम के कारण विजिबिलिटी कम होने से उड़ानों पर प्रभाव पड़ा है।
पूरी मुंबई पानी में डूब गई थी
26 जुलाई 2005 को हुई बारिश में मुंबई में 400 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। अद्यौगिक इकाइयों समेत एयरपोर्ट और बंदरगाह कई दिनों तक बंद कर दिए गए थे। पूरा शहर पानी में डूब गया था। करीब 550 करोड़ रु. की संपत्ति का नुकसान पहुंचा था।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं