ऑस्ट्रेलिया की लेनिंग ने महिला टी-20 का हाईएस्ट स्कोर बनाया, रनों के लिहाज से इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलिया की मेग लेनिंग ने महिला टी-20 का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 133 रन की पारी खेली। हाईएस्ट स्कोर के मामले में इससे पहले लेनिंग नीदरलैंड की स्टेरी कालिस के साथ पहले स्थान पर थीं। दोनों के 126-126 रन थे। लेनिंग ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। महिला टी-20 में यह पांचवां शतक है। इनमें दो लेनिंग ने ही लगाए। उनकी पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को चेम्सफोर्ड मैदान पर 93 रन से हरा दिया। रनों के लिहाज से यह इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलिया से ही पिछले साल मुंबई में 57 रन से हारा था।

लेनिंग ने 5 साल बाद शतक लगाया

बल्लेबाज देश स्कोर किसके खिलाफ साल
मेग लेनिंग ऑस्ट्रेलिया 133* इंग्लैंड 2019
स्टेरी कालिस नीदरलैंड 126* जर्मनी 2019
मेग लेनिंग ऑस्ट्रेलिया 126 आयरलैंड 2014
सैंड्री फ्रित्ज द. अफ्रीका 116* नीदरलैंड 2010
डिएंड्रा डॉटिन वेस्टइंडीज 112* द. अफ्रीका 2010

लेनिंग-मूनी ने दूसरे विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी की
इंग्लैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 4 रन पर ही ओपनर एलिसा हिली (4) पवेलियन लौट गईं। इसके बाद बेथ मूनी और लेनिंग ने दूसरे विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी की। मूनी ने 33 गेंद पर 54 रन बनाए। इस दौरान 8 चौके और एक छक्का लगाया।

meg lenning

कप्तान लेनिंग ने 17 चौके और 7 छक्के लगाए
इसके बाद लेनिंग ने एश्ले गार्डनर के साथ 33 गेंद पर 66 रन की साझेदारी की। गार्डनर 14 गेंद पर 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान लेनिंग ने 63 गेंद की पारी में 17 चौके और 7 छक्के लगाए। वे आखिरी तक नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 226 रन बनाए।

इंग्लैंड की दोनों ओपनर खाता भी नहीं खोल सकीं
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआतखराब रही। उसके शुरुआती चार बल्लेबाज 5.3 ओवर में 22 रन तक पवेलियन लौट गए। इंग्लिश ओपनर्स डेनियल याट और कप्तान एमी एलेन जोन्स खाता भी नहीं खोल सकीं। टीम के लिए लॉरेन विनफील्ड ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मेगन शट ने 3 विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया ने वनडे में भी इंग्लैंड को हराया था
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी महिला एशेज में लगातार चौथी जीत दर्ज की। उसने तीन वनडे की सीरीज में इंग्लिश टीम को 3-0 से हराया था। इसके बाद एकमात्र टेस्ट ड्रॉ रहा था। इस जीत के साथ ही उसने महिला एशेज अपने नाम कर लिया। सीरीज में अब सिर्फ दो टी-20 बाकी हैं। इसे जीतने के बावजूद इंग्लैंड की टीम 2-4 से पीछे ही रह जाएगी।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
मेग लेनिंग ने महिला टी-20 का पांचवां शतक लगाया।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.