स्पीकर रमेश कुमार ने निर्दलीय विधायक आर शंकर को अयोग्य घोषित किया
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
बेंगलुरु. कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर केआर रमेश कुमार ने गुरुवार को निर्दलीय विधायक आर शंकर को अयोग्य घोषित कर दिया। शंकर नेएचडी कुमारस्वामी सरकार से समर्थन वापस लिया था। स्पीकर को कांग्रेस और जेडी(एस) के बागी विधायकों के इस्तीफे और निलंबन पर फैसला लेना है।
कुमार ने कहा- मैं इस मामले में किसी फैसले पर पहुंचने के लिए अपने विवेक का इस्तेमाल करूंगा ताकि सुप्रीम कोर्ट ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, वह कायम रहे।बागी विधायकों के मेरे पास आने की समयसीमा खत्म हो चुकी है। कानून सभी के लिए बराबर है। फिर वो मजदूर हो या फिर भारत का राष्ट्रपति।
स्पीकर ने कहा- विधायकों को बुलाया था, लेकिन वे नहीं आए
उन्होंने कहा- हां, कोर्ट ने इस्तीफे पर किसी भी निर्णय को मेरे विवेक पर छोड़ा है। मैं अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करूंगा। मैंने विधायकों को बुलाया था। मगर वे नहीं आए। उनके वकील मेरे पास आए। उन्होंने वही कहा जो वे लोग करना चाहते थे।यह चैप्टर बंद हो चुका है।
31 जुलाई से पहले पेश होना है फाइनेंस बिल
इससे पहले भाजपा नेताओं का एक दल बुधवार को स्पीकर से मिला था। इसका मकसद फाइनेंस बिल पर चर्चा करना था, जिसे 31 जुलाई से पहले पेश किया जाना है। कर्नाटक विधानसभा में 15 बागी विधायकों ने एचडी कुमारस्वामी सरकार से अपना समर्थन वापस लिया। स्पीकर को उनके भविष्य पर निर्णय लेना है कि इस्तीफा स्वीकार किया जाए या फिर उन्हें अयोग्य करार दिया जाए।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं