अक्षरधाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता कश्मीर से गिरफ्तार: एटीएस

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

अहमदाबाद. अक्षरधाम मंदिर पर सितंबर 2002 में हुए आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ता यासिन गुलाम मोहम्मद बट्ट को गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने शुक्रवार को कश्मीर के अनंतनाग से गिरफ्तार किया। एटीएस के एसपी हिमांशु शुक्ला ने बताया कि वह अनंतनाग का ही रहने वाला है। उसे हवाई जहाज से शुक्रवार शाम अहमदाबाद लाया गया।पहले भी उसे पकड़ने के प्रयास किए गए थे मगर वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भाग जाता था।

एसपी ने बताया- पूछताछ के बाद हमले में शामिल और संदिग्धों की जानकारी मिल पाएगी। इस आतंकी हमले में दो आतंकियों समेत 33लोगों की मौत हुई थी। 80 से अधिक लोग घायल हो गए थे। उसी साल गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस पर हुए हमलों के बाद भड़के गुजरात दंगों का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया था।

अब भी 20 से अधिक आरोपी फरार

एसपी के मुताबिक- इस हमले के लिए एके-47 और अन्य हथियार भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले यासिनबट्ट को गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पकड़ा गया।इससे पहले यहां हवाईअड्डे से पिछले साल और 2017 में दो अन्य आरोपियों को पकड़ा गया था। अभी भी इस मामले के 20 से अधिक आरोपी फरार हैं।

2014 में सुप्रीम कोर्ट ने सभी को बरी किया

गांधीनगर में मुख्यमंत्री आवास के निकट स्थित इस भव्य मंदिर पर 24 सितंबर 2002 की शाम को हुए हमले के मामले में एक विशेष पोटा अदालत ने छह आरोपियों को दोषी करार दिया था। तीन को फांसी की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने भी सजा को बहाल रखा था, लेकिन 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने उन सभी को बरी कर दिया था।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
ATS Gujarat Police arrest 'Mastermind Ghulam Mohammad Bhatt in Akshardham Temple attack

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.