भारतीय डॉक्टर की लापरवाही से हुई महिला की मौत, 39 लाख रु.का जुर्माना लगा
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
दुबई. संयुक्त अरब अमीरात में शारजाह की एक अदालत ने एक भारतीय डॉक्टर पर लापरवाही बरतने के दोष में दो लाख दिरहम (39 लाख रुपए) का जुर्माना लगाया है। डॉ.सन्नी मेडिकल सेंटर और उसके डॉक्टर दर्शन प्रभात राजाराम पी.नारायणनारा पर आरोप था कि उसने चिकित्सीय लापरवाही बरती थी जिससे एक भारतीय महिला की मौत हो गई थी।
एक समाचार पत्र के मुताबिक, अदालत ने आदेश दिया कि जुर्माने की यह राशि मृतक महिला ब्लेसी टोम (32) के पति जोसेफ अब्राहम और उसके दो बच्चों के बीच बराबर हिस्सों में बांटी जाए। पीड़ित पक्ष के परिवारवालों ने एक मिलियन दिरहम की मांग की थी।
बिना जांच के डॉक्टर ने एंटीबायोटिक इंजेक्शन दे दिया था
ब्लेसी केरल के कोल्लम जिले की रहने वाली थी और वह शारजाह यूनिवर्सिटी अस्पताल में स्टाफ नर्स के तौर पर काम करती थी। आधिकारिक जांच में बताया गया कि नवंबर 2015 में एक निजी अस्पताल में उसके ब्रेस्ट इंफेक्शन का ईलाज हुआ था। डॉक्टर ने ब्लेसी को बिना किसी जांच के एंटीबायोटिक इंजेक्शन दे दिया था। इसके बाद दवा के साइड इफेक्ट होने से ब्लेसी बेहोश हो गई। इसके बाद उसे अल कासिमी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन कुछ घंटों बाद उसकी मौ हो गई।
महिला की मौत के बाद डॉक्टर भागकर भारत चला गया
अस्पताल द्वारा जारी डेथ सर्टिफिकेट में कहा गया कि उसकी मौत कार्डिएक अरेस्ट से हुई थी। उसकी मौत के बाद डॉक्टर नारायणनारा इसमामले से बचने के लिए यूएई से भागकर भारत चला आया। 17 जून को शारजाह कोर्ट ने प्रथम दृष्टया इस मामले में डॉक्टर को दोषी पाया और पीड़ित परिवार को जुर्माना देने का आदेश सुनाया।पीड़ित पक्ष के वकील ने बताया कि डॉक्टर नारायणनारा यूएई से भागकर भारत आ गए थे। भारतीय चिकित्सा परिषद और इंटरपोल आगे इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं