पुलवामा हमले के बाद दोनों देशों के बीच शुरू हो गई है एक और जंग, पाकिस्तानी हैकर का आईएसआई के बारे में बड़ा खुलासा
नई दिल्ली (प्रियंक द्विवेदी/कमलेश महेश्वरी). कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच साइबर वर्ल्ड पर जंग छिड़ चुकी है। खबर है कि इस हमले के बाद पहले इंडियन हैकर्स ने पाकिस्तान की 200 से ज्यादा वेबसाइट हैक कीं, जिसके जवाब में पाकिस्तानी हैकर्स ने भी छत्तीसगढ़ भाजपा की वेबसाइट समेत 100 वेबसाइट हैक कीं। भाजपा की वेबसाइट हैक करने की जिम्मेदारी Faisal 1337 आईडी वाले पाकिस्तानी हैकर ने ली है। इस हैकर का फेसबुक पर 'ऑफिशियल पाक साइबर अटैकर्स' नाम से पेज है, जिस पर दो लोग काम करते हैं। पहला- फैजल और दूसरा- मोहम्मद हसन। इनमें से एक प्रमुख हैकर मोहम्मद हसन से दैनिक भास्कर प्लस ऐप ने बातचीत की।
1) क्या पुलवामा के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच साइबर जंग शुरू हो गई है?
मो. हसन: हां, पुलवामा हमले के बाद साइबर वॉर शुरू हो गई है। वरना, इससे पहले तो दोनों तरफ शांति थी और हमारा ज्यादा ध्यान पढ़ाई की तरफ था, पर अब माहौल बदल गया है।
2) आपकी टीम में कितने लोग हैं? आपकी क्या खासियत है?
मो. हसन: हम 15 लोग हैं। हम सभी लोग वेबसाइट हैक करने का काम करते हैं। इसके अलावा, अगर कोई हमसे वेबसाइट हैक करने में मदद मांगता है तो हम पैसे लेकर उसके लिए काम भी करते हैं। हम न सिर्फ भारतीय, बल्कि दूसरे देशों की वेबसाइट को भी अक्सर हैक करते रहते हैं। हम छोटे लेवल पर ये काम कर रहे हैं और बहुत ज्यादा आइडेंटिटी जाहिर नहीं करते।
3) क्या आप रोज साइबर अटैक करते हैं? क्या ये आईएसआई कराती है?
मो. हसन: नहीं। रोज तो नहीं, लेकिन जब भी मौका मिलता है, भारतीय वेबसाइटों पर अटैक करते रहते हैं। इस साल में दर्जनों बार कोशिश कर चुके हैं। कुछ मौकों पर कामयाबी मिली है। साइबर अटैक न तो आईएसआई करवाती है और न ही सरकार ऐसा करने को कहती है। हमने आतंकवाद को खत्म करने के लिए कितने जवान और कितने नागरिकों को खोया है। हम तो अमन चाहते हैं। हर आम पाकिस्तानी अमन चाहता है। हम सिर्फ भारतीय हैकर्स को जवाब दे रहे हैं। हमने साइबर वॉर खुद से कभी शुरू नहीं किया।
4) हैकिंग कहां से और किस तरह सीखी? कभी इंडिया आए हो?
मो. हसन: मैं 7वीं क्लास से हैकिंग कर रहा हूं। मैंने इसके लिए कोई कोचिंग नहीं की। मैंने खुद से ही हैकिंग सीखी। अभी मैं इस्लामाबाद में एयर यूनिवर्सिटी से कम्प्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा हूं। मेरा कभी इंडिया आना नहीं हुआ, लेकिन वहां कई दोस्त हैं और अक्सर बुलाते रहते हैं । मौका मिलेगा तो जरूर इंडिया आऊंगा।
5) क्या इमरान पाक आर्मी के प्यादे हैं? आपकी फौज भारत को कसूरवार क्यों मानती है?
मो. हसन: ऐसा कुछ नहीं है। ये सब राजनीति है। भारत के नेता पाकिस्तान को बुरा कहकर वोट लेते हैं और पाकिस्तान के नेता भारतीयों को बुरा कहकर वोट मांगते हैं। फौज का मामला अलग है और अवाम का अलग। लेकिन, हम कब तक इस तरह लड़ते रहेंगे, हम तो अमन चाहते हैं।
6) हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पाकिस्तान में क्या राय है?
मो. हसन: मोदी जी थोड़े कट्टर व्यक्ति हैं। हमारे यहां लोग मानते हैं कि वे नफरत की सियासत करते हैं। ये भी सच है कि उन्होंने इंडिया के लिए कई अच्छे काम किए हैं। मोदी के आने के बाद वहां कई सारे नए प्रोजेक्ट शुरू हुए। नई नीतियां अमल में लाई गईं। उनका नोटबंदी का फैसला सबसे अच्छा था। इंडिया को बढ़ाने के लिए उन्होंने कई अच्छे फैसले लिए हैं।
7) क्या आप लोग सोचते हैं कि पुलवामा हमला जैश ने नहीं कराया?
मो. हसन: इस बारे में कोई आइडिया नहीं है, लेकिन किसी की मौत पर कोई खुश नहीं होता। मुझे याद है कि 2014 के पेशावर में आर्मी स्कूल पर हुए हमले के बाद इंडिया में भी कैंडल मार्च निकाले गए थे।
8) क्या पुलवामा के बाद भारत के लिए पाकिस्तानियों की राय में कोई फर्क आया है?
मो. हसन: अभी तो यहां लोगों को ज्यादा मतलब नहीं है। वैसे भी यहां पर क्रिकेट का माहौल है, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) चल रही है, तो सब उसमें बिजी हैं। हालांकि, इस हमले के बाद भारत-पाकिस्तान का रिश्ता जरूर खराब हो गया।
9) पाक कलाकारों पर बैन के बाद वहां क्या रिएक्शन रहा?
मो. हसन: इससे हमें ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। बॉलीवुड की फिल्में हमारे यहां अच्छी कमाई करती हैं। पुलवामा के बाद भारत के रुख को देखते हुए हमारे यहां भी आपकी फिल्मों पर बैन लग चुका है।
10) क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत से खेलने पर क्रिकेट फैन्स क्या कह रहे हैं?
मो. हसन: यहां सब कुछ पहले की तरह सामान्य है। अभी इस पर कोई ज्यादा बात नहीं कर रहा। जो हो रहा है, भारत में ही हो रहा है। हमारे यहां तो टी-20 क्रिकेट चल रहा है और अभी सब वह देख रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं