तिब्बत सीमा के पास एवलांच में फंसे सेना के पांच जवान तीन दिन बाद बचाए गए
शिमला.हिमाचल प्रदेश के किनौर में पिछले तीन दिनों से एवलांच (हिमस्खलन) में फंसे सेना के पांच जवानों को रेस्क्यू कर लिया गया है। बुधवार को 11 जवान एवलांच की चपेट में आए थे। उनकी तलाश के लिए सेना, आईटीबीपी और पुलिस की टीम ने ऑपरेशन चलाया था। हादसे में एक जवान शहीद हो गया था, जबकि पांच जवानों को उसी दिन बचा लिया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, सेना के 16 जवान सुबह तिब्बत सीमा के पास नमज्ञा पहाड़ी क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन ठीक करने गए थे। इसी दौरान शिपकिला के पास हिमस्खलन हुआ।
संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लापता पांच जवानों की तलाश की जा रही थी। 150 जवानों की टीम जवानों की तलाश कर रही थी। शुरू में अधिकारी मान रहे थे ये पांच जवान भी शहीद हो चुके हैं, लेकिन आखिर में इन्हें रेस्क्यू कर ही लिया गया।
किन्नौर के डिप्टी कमिश्नर गोपाल चंद ने बताया कि एवलांच में फंसकर शहीद हुए जवान की पहचान रमेश कुमार (41) के तौर पर हुई। वह हिमाचल में बिलासपुर जिले के घुमरपुर गांव के रहने वाले थे। एवलांच की चपेट में आए सभी जवानजम्मू-कश्मीर राइफल्स के हैं।
कोई टिप्पणी नहीं