गलत तरीके से छूने का विरोध करना पड़ा भारी, बस कंडक्टर ने धक्का देकर लड़की को चलती बस से नीचे गिरा दिया
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में 19 साल की एक लड़की को बस कंडक्टर ने धक्का देकर गाड़ी से गिरा दिया। लड़की का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने गलत तरीके से धक्का देने पर कंडक्टर का विरोध किया था। इस बात पर वो इतना बिफर गया कि लड़की से विवाद करने लगा और फिर उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जिससे लड़की के चेहरे और पैर में काफी ज्यादा चोट आई। यहां तक कि उसके पैर का एक अंगूठा भी इसकी वजह से काटना पड़ गया।
खचाखच भरी बस में जा रही थी लड़कियां...
- ये घटना शुक्रवार दोपहर को कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में हुई। जब हॉस्पिटल मैनेजमेंट की स्टूडेंट दिशा मालखांडी (19 साल) अपनी दो सहेलियों के साथ खचाखच भरी बस में कॉलेज से वापस आ रही थी। बस में ठीक से पैर रखने की जगह भी नहीं थी।
- इसके बाद भी बस कंडक्टर सब लोगों को धक्का देते हुए अंदर धकेल रहा था। उसने दिशा को भी धक्का देते हुए अंदर जाने के लिए कहा, उसके गलत तरीके से छूते ही दिशा ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस होने लगी लेकिन इसी बीच कंडक्टर ने फिर से धक्का दिया और वो बस से गिर गई।
- बस से गिरने पर उसके चेहरे पर काफी ज्यादा चोटें तो आई हीं, साथ ही उसके पैर का एक अंगूठा भी चला गया। घटना में उसकी आंख भी जाते-जाते बाल-बाल बची। दरअसल गिरने के बाद उसका चश्मा भी टूट गया था, और उसका कुछ हिस्सा आंख के पास धंस गया, जिससे वहां एक मिलीमीटर का छेद भी हो गया। इसके चेहरे और पैर से लगातार खून बह रहा था।
काटना पड़ गया पैर का अंगूठा
- घटना के बाद बस में मौजूद उसकी सहेली निबेदिता बैनर्जी ने चिल्लाते हुए ड्राइवर से बस को रोकने के लिए कहा लेकिन उसने बस को नहीं रोका। जिसके बाद उसे चलती बस से कूदकर उतरना पड़ा। बस में मौजूद तीसरी दोस्त प्रियंका अगले स्टॉप पर जाकर उतरी।
- दोनों सहेलियां एक हाथ रिक्शा के जरिए उसे करीब के हॉस्पिटल लेकर गईं। जहां डॉक्टर ने उसे फर्स्ट-एड देते हुए उसके बहते खून को बंद कर दिया। डॉक्टर ने उसके एक पैर के अंगूठे की हालत देखते हुए उसे बड़े हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहां रात को हुई सर्जरी के दौरान उसे शरीर से अलग करना पड़ा। फिलहाल डॉक्टर्स ने उसे निगरानी में रखा है, और उसकी एक और सर्जरी करने की बात कही है।
- डॉक्टर्स का कहना है कि उसका अंगूठा कुचला जा चुका था और इस हालत में नहीं था कि उसे दोबारा पैर से जोड़ा जा सके। इसलिए मजबूरी में हमें उसे शरीर से अलग करना पड़ा। पुलिस ने युवतियों की शिकायत के बाद मामला दर्ज करते हुए आरोपी कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उसे CCTV फुटेज का इंतजार है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं