अभी घर नहीं जा पाएंगे अभिनंदन, कई दौर की पूछताछ के बाद फिर से विमान उड़ा सकेंगे
अमृतसर. वायुसेना के जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान शुक्रवार रात करीब 58 घंटे बाद घर लौट आए। तय नियमों के तहत वायुसेना अब उनकी स्वास्थ्य जांच करवाएगी। इसके चलते अभिनंदन फिलहाल घर नहीं जा पाएंगे, उन्हें कई दौर की पूछताछ से गुजरना पड़ेगा। प्रक्रिया में 1 महीने से ज्यादा समय लगता है। इसके बाद ही वे फिर से विमान उड़ा सकेंगे।
तीन चरणों में होगी प्रक्रिया
1.सबसे पहले रेडक्रॉस मेडिकल जांच करेगी
इसमें देखा जाएगा कि उन्हें कितनी चोटें लगी हैं? कैसे लगी होंगी? क्या टॉर्चर किया गया? टॉर्चर हुआ तो किस स्तर का था? उन्हें ड्रग्स तो नहीं दी गईं?
यह इसलिए: ताकि इस आधार पर भारत टॉर्चर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंच पर रख सके। जेनेवा संधि के मुताबिक युद्धबंदियों से अमानवीय बर्ताव नहीं हो सकता।
2. एयरफोर्स पूछताछ करेगी, सरकार को बताएगी
अभिनंदन को दिल्ली के पालम टेक्निकल एरिया में सबसे पहले एयरफोर्स की टीम के सवालों से गुजरना होगा। जैसे पाक में क्या पूछा? कितनी बार पूछताछ हुई? क्या जवाब दिए? इसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी।
यह इसलिए: ताकि भारत दुश्मन सेना के पूछताछ के तरीकों के हिसाब से अपने पायलटों को तैयार कर सके।
3. रॉ और आईबी अलग-अलग जांच करेंगी
ये पूछताछ काफी अहम है। रॉ और आईबी अलग-अलग अभिनंदन के साथ हुए बर्ताव की डिटेल तैयार करेंगी। दोनों एजेंसियां पाक सेना के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारियां जुटाने की कोशिश करेंगी। पाक सेना के तौर-तरीकों का विश्लेषण किया जाएगा। यह पूछताछ कई दौर की होती है। इसमें कई बार एक महीने से भी ज्यादा समय लग जाता है।
यह इसलिए: ताकि रॉ और आईबी पाकिस्तान की हरेक डिटेल बारीकी से जान सकें। इन सभी क्लीयरेंस के बाद ही अभिनंदन वापस ड्यूटी पर लौट पाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं