राहुल की हार पर सिद्धू के खिलाफ पोस्टर लगे, पूछा- राजनीति से इस्तीफा कब दोगे
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
मोहाली (पंजाब). राज्य के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ मोहाली में लोगों ने पोस्टर लगाए। इनमें पूछा - कब राजनीति छोड़ेंगे? दरअसल, सिद्धू ने लोकसभा चुनाव के दौरान बयान दिया था कि अमेठी से राहुल गांधी की जीत तय है। अगर राहुल अमेठी से हारे तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। चुनाव में राहुल को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 52120 वोट से हरा दिया था।
अब मोहाली में अंग्रेजी और पंजाबी में पोस्टर लगाए गए। इनमें अंग्रेजी और पंजाबी में पूछा कि सिद्धू साहब तूसी राजनीति कदों छड्डोगे? मटौर थाने के एसएचओ जगदेव सिंह ने बताया कि पोस्टर लगाने को लेकर उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। वहीं, नगर निगम ने पोस्टरों को हटवा दिया है।
सिद्धू और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह में बढ़ीं दूरियां
- लोकसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने अमरिंदर के खिलाफ नाराजगी जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें अमरिंदर सिंह की वजह से अमृतसर से लोकसभा का टिकट नहीं मिला। वहीं, सिद्धू ने भी पत्नी का समर्थन किया था। हालांकि, अमरिंदर ने इन आरोपों से इनकार कर दिया था।
- इसके बाद जून के पहले हफ्ते में अमरिंदर सिंह ने सिद्धू के मंत्रालय में बदलाव किया था। उन्हें ऊर्जा और नवीन-नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय दिया गया है। पहले वे पर्यटन और शहरी विकास मंत्री थे।
- सिद्धू मंत्रालय बदलने से भी नाराज थे। उन्होंने नए मंत्रालय कार्यभार नहीं संभाला। इसके बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री ने खुद महकमे के अफसरों से मीटिंग की।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं