कर्नाटक में मध्यावधि चुनाव को लेकर अब कोई शक नहीं, यह कांग्रेस के बर्ताव का ही नतीजा: देवेगौड़ा
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
बेंगलुरु.पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार गिरने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने कहा, ''मुझे राज्य में मध्यावधि चुनाव को लेकर कोई शक नहीं है। उन्होंने (कांग्रेस) 5 साल समर्थन का वादा किया था, लेकिन अब उनका बर्तावदेखिए। हमारे लोग स्मार्ट हैं। कुमारस्वामी ने गठबंधन के लिए हर संभव कोशिश की। हमने मंत्रिमंडल में उनके लिए एक सीट भी छोड़ दी।''
इससे पहले कुमारस्वामी ने मंगलवार को कहा था, ''मैं आपकी उम्मीदों को पूरा करने का वादा करता हूं। मैं अपने दर्द को बयां नहीं कर सकता। मैं इसे आपके साथ साझा करना चाहता था, लेकिन नहीं कर सकता। मैं राज्य के लोगों का दर्द कम करना चाहता हूं। मेरे ऊपर सही तरह से सरकार को चलाने की जिम्मेदारी है। मेरे एक विधायक को 10 करोड़ रुपए देने की पेशकश की गई। यह बात उसने मुझे फोन पर बताई। उसे जेडीएस छोड़ भाजपा में शामिल होने के लिए कहा गया। भाजपा नेता लगातार यह कोशिशें कर रहे हैं, लेकिन भगवान की कृपा और आपके आशीर्वाद से सरकार अगले 4 साल तक सुरक्षित है।''
सरकार को कोई खतरा नहीं: सिद्धारमैया
हालांकि, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया कह चुके हैं कि कर्नाटक सरकार को कोई खतरा नहीं है। गठबंधन सरकार पूरी तरह सुरक्षित है। कोई परेशानी नहीं है। भाजपा बहुत प्रयास कर रही है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाएगी।
कर्नाटक: 2018 विधानसभा की स्थिति
कुल सीटें: 224
बहुमत: 113
| पार्टी | सीटें | वोट शेयर (%) |
| भाजपा | 104 | 36.2 |
| कांग्रेस | 80 | 39 |
| जेडी (एस) | 37 | 18.3 |
| अन्य | 3 | 6.5 |
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं