सोशल मीडिया पर युवाओं से जुड़ेगा रिजर्व बैंक, फेसबुक-ट्विटर से देगा नीतियों की जानकारी

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

मुंबई. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई)जल्द ही फेसबुक और ट्विटर के जरिए देश की जनता से जुड़ेगा। आरबीआई की गुरुवार को जारी हुई वित्त वर्ष 2019 की सालाना रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्रीय बैंक अब तक लोगों से जुड़ने के लिए ऑडियो-विजुअल और टेक्स्ट मैसेज माध्यम का इस्तेमाल करता था। 2019 में आरबीआई की तरफ से करीब 241 करोड़ मैसेज लोगों को भेजे गए। लेकिन युवाओं से जुड़ने के लिए अब आरबीआई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का भी इस्तेमाल करेगा।

आरबीआई 360 डिग्री मास मीडिया अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है। इसके तहत बैंक फेसबुक और ट्विटर से अपनी नीतियों और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएगा। इसका मकसद टू-वे कम्युनिकेशन (दोतरफा संचार) को बढ़ावा देना और युवाओं के साथ जुड़ना है, जिससे लोगों को बैंक की पारदर्शिता, सामयिकता और विश्वसनीयता के बारे में जानकारी मिले।

संचार विभाग देशभर में मीडिया वर्कशॉप का आयोजन करेगा

इसके अलावा आरबीआई का संचार विभाग देशभर के अपने क्षेत्रीय केंद्रों में मीडिया वर्कशॉप का भी आयोजन करेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा मात्रा में पत्रकार उससे जुड़ पाएं। दरअसल, आरबीआई के मौजूदा गवर्नर शक्तिकांत दास बैंक की कार्यप्रणाली को समझाने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों से बैंक को जोड़ने के पक्षधर रहे हैं। जबकिइससे पहले गवर्नर रहे उर्जित पटेल की कई बार संचार में खुलापन न रखने के लिए आलोचना भी हो चुकी थी।

बाजार में जल्द आएंगे वार्निश की कोटिंग वाले 100 रुपए के नोट
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया अब 100 रुपए के नोट की लाइफ बढ़ाने के लिए इस पर वार्निश की कोटिंग करेगा। आरबीआई की एनुअल रिपोर्ट में इसका भी जिक्र है। कुछ ही महीनों में ट्रायल के तहत इन नए 100 के नोटों का लॉन्च कर दिया जाएगा। अगर यह प्रयोग सफल रहता है तो आने वाले समय में सभी 100 रुपए के नोटों को वार्निश कोटिंग वाले नोटों से बदल दिया जाएगा। इसके अलावा आरबीआई दृष्टिबाधित लोगों के लिए करंसी नोटों को और ज्यादा आसान पहचान वाला बनाना चाहता है। इन सब बदलावों और बैंक नोट की क्वालिटी को परखने के लिए आरबीआई ने मुंबई में क्वालिटी एश्योरेंस लैबोरेट्री भी स्थापित की है। यह लैब करंसी नोटों के बदलाव और स्टैंडर्ड बनाने का काम करेगी।

DBApp



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
भारतीय रिजर्व बैंक।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.