छोटे किसानों के लिए हुई नई स्कीम की घोषणा, साल में दी जाएगी 6 हजार रुपए की सहायता
यूटिलिटी डेस्क. बजट के दौरान वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने 2 हेक्टेयर से कम जमीन पर खेती करने वाले किसानों के लिए एक नई स्कीम की घोषणा की है। इसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम नाम दिया गया है। इसके तहत किसानों को साल में 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।आइए जानते हैं इस स्कीम में क्या है और इससे किसान किस तरह लाभान्वित होंगे...
2 हेक्टेयर (करीब 5 एकड़) से कम जमीन पर खेती करने वाले सभी किसानों को इस स्कीम का लाभ दिया जाएगा।
इस स्कीम के तहत देश भर के करीब 12 करोड़ छोटे किसान लाभान्वित होंगे।
स्कीम के तहत किसानों को साल भर में 6 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की जाएगी।
यह सहयोग राशि तीन बराबर किश्तों में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम के क्रियान्वयन में 75 हजार करोड़ रुपए के खर्च का अनुमान है। इसमें लगने वाला पूरा खर्च केन्द्र सरकार वहन करेगी।
यह स्कीम 1 दिसंबर 2018 से प्रभावी होगी। यानी किसानों को दी जाने वाली सहायता की गणना इसी तरीख से की जाएगी।
पीयूष गोयल ने कहा है कि स्कीम के तहत 2000 रुपए की पहली किश्त जल्द ही किसानों के खातों में भेज दी जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं