मोदी का आज प. बंगाल दौरा, दो रैलियां करेंगे; सभास्थल से कुछ दूरी पर ममता के पोस्टर लगाए गए
कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर जा रहे हैं। वह दुर्गापुर और ठाकुरनगर में रैली करेंगे। मोदी ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। इसके अलावा मोदी 294 किमी लंबी अंदाल-सैंथिया-पाकुड़-माल्दा और खाना-सैंथिया रेललाइन के विद्युतीकरण को भी देश को समर्पित करेंगे।
ममता के पोस्टर लगाए
भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा है कि दुर्गापुर में मोदी के सभास्थल से महज 50-70 मीटर दूर मोदी के बैनर के ऊपर ममता बनर्जी के पोस्टर लगाए गए हैं। यह साबित करता है कि बंगाल में लोकतंत्र नहीं है। अगर हमारे कार्यकर्ता इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन पर हमला किया जाता है।
शाह ने मालदा में जनसभा की थी
मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मालदा में जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा- ममता सरकार ने भाजपा को रथ यात्रा की अनुमति नहीं दी। ममता को डर था कि रथ यात्रा निकलती तो यह उनकी सरकार की अंतिम यात्रा होती।
शाह ने कहा, ''पंचायत चुनाव में 65 से ज्यादा भाजपा और अन्य पार्टियों के कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। तृणमूल के गुंडों ने अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों को पर्चे तक नहीं डालने दिए। कान खोलकर सुन लो तृणमूल वालो, लोकसभा चुनाव में ऐसी गलती नहीं करना, नहीं तो सेंट्रल मिलिट्री फोर्स आपकी ईंट से ईंट बजा देगी। हर बूथ पर निर्वाचन आयोग के अधिकारी तैनात होंगे।''
बंगाल में रथ यात्रा को लेकर विवाद
सुप्रीम कोर्ट ने 15 जनवरी को पश्चिम बंगाल में भाजपा की रथ यात्रा निकालने पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने कहा था कि इससे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। हालांकि कोर्ट ने भाजपा को राज्य में रैलियां और जनसभा करने की अनुमति दी थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं