इंडिया का 8 रन पर गिर गया था पहला विकेट, लड़खड़ाती टीम को रायडू ने संभाला, बनाए 90 रन, न्यूजीलैंड को दिया इतने रनों का लक्ष्य
नेशनल डेस्क. वेलिंग्टन में भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत का पहला विकेट 8 रन पर ही गिर गया। रोहित शर्मा मैट हेनरी की गेंद पर क्लीनबोल्ड हो गए। इसके बाद 12 ही रनों पर शिखर धवन भी कैच हो गए, लेकिन रायडू ने लड़खड़ाती टीम को संभाला और टीम के स्कोर में 90 रन जोड़े। वहीं, भारतीय पारी में एक फिनिशर की भूमिका निभाते हुए हार्दिक पंड्या ने 18 गेंदों में नाबाद 45 रन की पारी खेली। भारत ने न्यूजीलैंड को 253 रनों का लक्ष्य दिया है।
भारत की 3-1 से अजेय बढ़त
कीवी गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने इस सीरीज के 4 मैचों में सबसे ज्यादा 9 विकेट लिए हैं। इस मैदान पर न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीन मैच हुए। दोनों ने 1-1 जीते हैं। कप्तान रोहित शर्मा का यह 201वां वनडे है। सीरीज में भारत 3-1 से अजेय बढ़त बनाए हुए है। पिछले मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया था। केदार जाधव ने मैच में 34 रन की पारी खेलते हुए अपने वनडे करियर के 1000 रन पूरे कर लिए हैं। जाधव ने वनडे करियर में अब तक 54 मैच खेलकर 1002 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक भी शामिल हैं।
ऐसे गिरे भारतीय टीम के विकेट
पहला विकेट, (4.1 ओवर) : मैट हेनरी की सीधी गेंद को रोहित शर्मा समझ नहीं सके और क्लीनबोल्ड हो गए। इस समय भारत के खाते में 8 रन ही जुड़े थे।
दूसरा विकेट, (5.5 ओवर): ट्रेंट बोल्ट ने सीरीज में चौथी बार शिखर धवन को अपना शिकार बनाया। गेंद को अपर कट मारने के चक्कर में धवन थर्डमैन पर मैट हेनरी के हाथों कैच आउट हुए। धवन शॉट को अच्छी तरह से कनेक्ट नहीं कर सके और हेनरी के लिए यह आसान कैच रहा। इस समय भारत का स्कोर 12 रन था।
तीसरा विकेट, (6.6 ओवर): मैट हेनरी की गेंद को कवर में ड्राइव करना चाह रहे थे शुभमन गिल। मिशेल सैंटनर ने उनका कैच लपक लिया। हेनरी ने अपना दूसरा विकेट लिया। शुभमन अपनी जगह पर खड़े होकर इस आउटस्विंगर को ड्राइव गए थे, जिसे वे सही से पिक नहीं कर सके। इस समय भारत के खाते में 17 रन ही जुड़े थे।
चौथा विकेट, (9.3 ओवर): महेंद्र सिंह धोनी (1) ट्रेंट बोल्ट की अंदर आती गेंद को समझ नहीं सके और क्लीनबोल्ड हो गए। बोल्ट की यह गेंद लेट इन स्विंग हुई थी, जिसे धोनी चूक गए। इस समय भारत का स्कोर 18 रन था।
पांचवां विकेट, (31.3 ओवर): विजय शंकर रनआउट हो गए। वे लॉन्गऑन पर ड्राइव कर एक रन के लिए भागे थे और रायडू के साथ हां/नहीं की गुत्थी में उलझ गए। इस दौरान कोलिन मुनरो मौका नहीं चूके और उन्हें रनआउट कर दिया। इस समय भारत का स्कोर 116 रन था।
छठवां विकेट, (43.2 ओवर): मैट हेनरी की गेंद को एक्स्ट्रा कवर पर बाउंड्री की कोशिश में अंबाती रायडू कैच आउट हो गए। कोलिन मुनरो ने आसान कैच लिया। मुश्किल समय में 90 रन की पारी खेलने वाले रायडू शतक से चूक गए। इस समय भारत का स्कोर 190 रन था।
सातवां विकेट, (45.2 ओवर): हेनरी की स्लोवर गेंद को समझ नहीं पाए केदार जाधव। डीप में एक्रोस शॉट खेलने के चक्कर में बल्ले पर गेंद लगने के बाद क्लीन बोल्ड हुए जाधव। इस समय भारत के खाते में 203 रन ही जुड़े थे।
हार्दिक पांड्या ने फिर किया ये कमाल
हार्दिक पांड्या ने भारतीय पारी में एक फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 18 गेंदों में नाबाद 45 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने दो चौके और पांच छक्के भी जड़े। इस बेहतरीन पारी के दौरान पांड्या ने 47वें ओवर में टॉड एस्टल की तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़े।
भारत में दो और न्यूजीलैंड में एक बदलाव
भारतीय टीम में तीन बदलाव किए गए हैं। महेंद्र सिंह धोनी, मोहम्मद शमी और विजय शंकर की वापसी हुई। खलील अहमद, कुलदीप यादव और दिनेश कार्तिक को बाहर किया गया। न्यूजीलैंड में एक बदलाव हुआ। चोटिल मार्टिन गुप्टिल की जगह कोलिन मुनरो को टीम में जगह दी गई।
टीमें इस प्रकार हैं
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, अंबाती रायडू, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, खलील अहमद।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर, टॉम लाथम (विकेटकीपर), हेनरी निकोलस, जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर, टोड एस्टल, कोलिन डी ग्रांडहोम, मैट हेनरी, ट्रेंट बोल्ट।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं