राष्ट्रपति भवन में 8 हजार मेहमान आएंगे; 48 घंटे पहले से पक रही है खास डिश 'दाल रायसीना'
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली. नरेंद्र मोदी गुरुवार शाम 7 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू के अलावादेश-विदेश के 8 हजार मेहमान शिरकत करेंगे। राष्ट्रपति भवन में ये अब तक का सबसे बड़ा समारोह होगा। 2014 में जब मोदी ने तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के सामने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तब सार्क देशों के प्रमुखों समेत 3500 मेहमान आए थे। इस बार भी कार्यक्रम फोर कोर्ट (खुले परिसर) में ही होगा।
राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता अशोक मलिक ने बताया कि अब तक राष्ट्रपति भवन में 3500 से 5000 तक मेहमान आते थे। इस बार शपथ ग्रहण के बाद हाई टी में पनीर टिक्का, समोसा जैसे व्यंजन रखे गए हैं। नॉनवेज और वेज पकवानों के अलावा राष्ट्रपति भवन की रसोई की खास डिश "दाल रायसीना"भी परोसी जाएगी। इसकी रेसिपी राष्ट्रपति भवन में ही तैयार की गई थी। इसे 48 घंटे पहले ही पकाना शुरू कर दिया जाता है। यह प्रक्रिया 28 मई से शुरू हुई। इसके लिए खासतौर से लखनऊ से सामग्री मंगवाई जाती है।
40 खास मेहमानों को परोसी जाएगी दाल रायसीना
प्रवक्ता के मुताबिक, उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री, बिमस्टेकदेशों के प्रमुखों समेत करीब 40 मेहमानों को रात 9 बजे भोज दिया जाएगा। इस दौरान दाल रायसीना भी परोसी जाएगी। इन मेहमानों में मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सूरोन्बे जीनबेकोव, बांग्लादेश के प्रेसिडेंट अब्दुल हमीद, श्रीलंकाई राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली, म्यांमार के राष्ट्रपति यू विन मिन्ट, भूटान के प्रधानमंत्री लोते शेरिंग शामिल होंगे।
इनके अलावा यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, वाईएसआर कांग्रेस चीफ जगन मोहन रेड्डी और रजनीकांत भी शपथ ग्रहण में आएंगे।
खेल और मनोरंजन जगत की हस्तियों को भी न्योता
सूत्र के मुताबिक, उद्योग जगत से मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, रतन टाटा शिरकत करेंगे। इनके अलावा पीरामल ग्रुप के अजय पीरामल, सिस्को सिस्टम्स के पूर्व सीईओ जॉन चैम्बर्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की चेयरमैन क्रिस्टीन लेगार्ड और माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिलगेट्स भी समारोह में आएंगे। इनके अलावा खेल जगत से पीटी उषा, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, हरभजन सिंह, साइना नेहवाल, पुलेला गोपीचंद, जिमनास्ट दीपा कर्माकर भी शपथ ग्रहण में मेहमानों की लिस्ट में हैं। बॉलीवुड से शाहरुख खान, कंगना रानौत, संजय लीला भंसाली, करण जौहर को समारोह में आने का न्योता दिया गया है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं