भारत ने अपने एयर स्पेस पर लगाए प्रतिबंध हटाए; बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद लागू किए थे
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली. पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक के बाद 27 फरवरी को वायुसेना ने भारतीय एयरस्पेस के सभी रूटों पर प्रतिबंध लगा दिया था। वायुसेना ने शुक्रवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि अस्थाई तौर पर लगाए गए इन प्रतिबंधों को अब खत्म कर दिया गया है। पाकिस्तान ने भी एयर स्ट्राइक के बाद पूर्वी सीमा पर एयर स्पेस को प्रतिबंधित कर दिया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाक द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भारतीय विमानों को दक्षिण एशिया और पश्चिमी देशों के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ रही है। इसी तरह भारतीय प्रतिबंध की वजह से पाकिस्तान की बैंकाक और कुआलालंपुर जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा।
भारत का कदम पाकिस्तान के लिए संकेत
बताया जा रहा है कि भारत का यह कदम पाकिस्तान के लिए संकेत है कि वह भी अपने एयर स्पेस पर लगे प्रतिबंध हटा ले। इसके अलावा अब विदेशी एयरलाइंस प्रतिबंधों को लेकर यूनाइटेड नेशंस और इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन भी जा सकती हैं ताकि पाकिस्तान पर प्रतिबंध हटाने के लिए दबाव बनाया जा सके।
14 जून तक पाक एयर स्पेस बंद रहेगा
26 फरवरी को बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने अपना एयर स्पेस पूरी तरह से बंद कर दिया था। पाकिस्तान पहले यह कह रहा था कि 30 मई को यह प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे। लेकिन, फिर इसे 14 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं