सोनिया की अध्यक्षता में आज सांसदों की बैठक, संसदीय दल का नेता चुना जा सकता है
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
नई दिल्ली.कांग्रेस ने संसद भवन में शनिवार को अपने नवर्निवाचित 52 सांसदों की बैठक बुलाई है। इसकी अध्यक्षता यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में कांग्रेस संसदीय दल के नेता का चुनाव किया जा सकता है। साथ ही नई सरकार बनने के बाद 17 जून से शुरू हो रहे संसदीय सत्र के मुद्दों पर भी चर्चा होगी। कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर अड़े राहुल गांधी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद 25 मई को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई थी। इसमें राहुल ने इस्तीफे की पेशकश कर दी थी। हालांकि, सीडब्ल्यूसी ने इसे ठुकरा दिया था। इसके बाद यह पहला मौका है, जब राहुल गांधी पहली बार सार्वजनिक तौर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे। हालांकि, वे 28-29 मई को केसी वेणुगोपाल, अहमद पटेल और रणदीप सुरजेवाला के साथ चर्चा कर चुके हैं।
गहलोत-पायलट और शीला को राहुल ने वक्त नहीं दिया
राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटें हारने के बाद राहुल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से नाराज बताए जा रहे हैं। दोनों नेता दिल्ली में तीन दिन तक राहुल से मिलने की कोशिश करते रहे, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें मुलाकात का वक्त नहीं दिया। बुधवार को दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित भी नेताओं के साथ राहुल से मिलने उनके घर गई थीं। लेकिन सभी बाहर इंतजार ही करते रहे। इसके बाद बुधवार को राहुल गांधी की कुछ तस्वीरें ट्विटर पर वायरल हुई थीं, जिनमें वे अपने पालतू कुत्ते पिडी को कार में घुमाते नजर आए थे।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं