दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीता, गेंदबाजी का फैसला किया
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
खेल डेस्क. वनडे वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुरुवार को लंदन के ओवल में खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। इस बार इंग्लैंड की टीम खिताब की तगड़ी दावेदार मानी जा रही है। पिछले एक साल की बात करें तो उसने 25 में 17 वनडे में जीत हासिल की है, जबकि 5 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। तीन मैच के नतीजे नहीं निकले। इस दौरान उसने घरेलू मैदान पर 13 वनडे खेले। इनमें से उसने 11 में जीत हासिल की और एक मैच हारा। एक मैच बेनतीजा रहा था।
दक्षिण अफ्रीका का भी रिकॉर्ड बेहतर है। उसने पिछले एक साल में 21 में से 16 वनडे जीते हैं, जबकि 5 में उसे हार मिली है। इस दौरान विदेश में भी उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है। उसने 8 में से 5 वनडे में जीत हासिल की है। हालांकि, इस मैदान पर उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
ओवल में दक्षिण अफ्रीका ने 9 में से तीन मैच ही जीते
दक्षिण अफ्रीका ने ओवल में अब तक 9 वनडे खेले हैं। इनमें से उसने 3 में जीत हासिल की है, जबकि 6 में हार झेलनी पड़ी है। उसने इस मैदान पर वर्ल्ड कप का अब तक एक मैच 22 मई 1999 खेला था। तब उसने इंग्लैंड को 122 रन से हराया था।
दोनों टीमें :
इंग्लैंड : इयॉन मॉर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), मोइन अली, क्रिस वोक्स, लियम प्लंकेट, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, टॉम करन, मार्क वुड, जेम्स विंस, लियम डॉसन।
दक्षिण अफ्रीका : फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), हाशिम अमला, क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रसी वान डर डुसेन, जेपी डुमिनी, डेविड मिलर, एंडिले फेहलुकवायो, ड्वाइन प्रीटोरियस, कगिसो रबाडा, लुंगी एंगिडी, इमरान ताहिर, एडेन मार्कराम, तबरेज शम्सी, क्रिस मॉरिस।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं