ममता ने कहा- माफ कीजिए मोदीजी शपथ ग्रहण में नहीं आ सकती; केरल के सीएम भी शामिल नहीं होंगे

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

कोलकाता.बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में जाने से इनकार कर दिया है। पहले उन्होंने कहा था कि वे इस औपचारिक समारोह में हिस्सा लेंगी। ममता ने बुधवार को कहा कि वे शपथ ग्रहण में जाने का मन बना चुकी थीं, लेकिन पिछले कुछ घंटों के दौरान सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स को देखने के बाद उन्होंने मन बदल लिया। ममता ने कहा कि रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि बंगाल में हिंसा के दौरान 54 लोगों की जान गई। भाजपा का यह दावा पूरी तरह से गलत है। ममता ने कहा- मोदीजी मैं माफी चाहती हूं, मैं समारोह में नहीं आ सकती।

उधर, केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन भी शपथ ग्रहण में शामिल नहीं होंगे। नरेंद्र मोदी 30 मई को राष्ट्रपति भवन में दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बंगाल में हत्याओं का राजनीति से संबंध नहीं- ममता

ममता ने एक पत्र के जरिए शपथ ग्रहण में शामिल नहोने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी बधाई। मेरी योजना थी कि आपका न्योता स्वीकार करूं और शपथ ग्रहण समारोह में आऊं। हालांकि, पिछले एक घंटे से मीडिया रिपोर्ट में भाजपा दावा कर रही है कि बंगाल में 54 लोगों की राजनीतिक हिंसा के दौरान हत्या हुई। यह पूरी तरह से गलत है। बंगाल में कोई भी राजनीतिक हत्या नहीं हुई। ये निजी वैमनस्य, पारवारिक कलह और ऐसे ही दूसरे विवादों के चलते हुई हैं। इनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है और नही हमारे पास ऐसा कोई साक्ष्य है। ऐसे में मैं बाध्य हूं कि शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा ना लूं। नरेंद्र मोदीजी मैं माफी चाहती हूं।

ममता ने लिखा- शपथ ग्रहण लोकतंत्र को मनाने का गरिमामय मौका होता है। यह ऐसा मौका नहीं होता है, जिसकी गरिमा को कोई दल अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करके कम कर दे। मुझे माफ करें।

हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओंके परिवार शपथग्रहण में शामिल होंगे

मोदी ने बंगाल हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवार को भी शपथग्रहण में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान हिंसा में भाजपा कार्यकर्ता मनु हंसदा, चंदन शॉ और संतू घोष की हत्या कर दी गई।

पश्चिम बंगाल में मिदनापुर के भाजपा कार्यकर्ता मनु हंसदा की हत्या कर दी गई थी। मनु के बेटे ने मोदी के शपथग्रहण में शामिल होने के सवाल पर कहा- "मेरे पिता को टीएमसी के गुंडों ने मार डाला। अब हमारे इलाके में शांति है। हम खुश हैं कि हम दिल्ली जा रहे हैं।" मिदनापुर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने जीत दर्ज की है। उन्होंने तृणमूल के उम्मीदवार मानस भूनिया को हराया।

2021 तक गिर जाएगी ममता सरकार

भाजपा के महासचिव राहुल सिन्हा ने कहा, ''मेरे हिसाब से पश्चिम बंगाल में 6 महीने से 1 एक साल के अंदर चुनाव हो सकते हैं। वर्तमान सरकार 2021 तक चलने योग्य नहीं है। तृणमूल में असंतोष साफ दिखता है। तृणमूल सरकार पुलिस और सीआईडी के दबाव में चल रही है।''

एक हफ्ते में दो भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या
बंगाल की हिंसा में एक हफ्ते के अंदर दो भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। 24 मई को नादिया में हमलावरों ने गोली मारकर संतू घोष की हत्या कर दी थी। इसके दो दिन बाद 27 मई को उत्तर 24 परगना में अज्ञात लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता चंदन शॉ की गोली मारकर हत्या कर दी। 25 साल के संतू कुछ दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

तृणमूल के 2 विधायक, 50 पार्षद भाजपा में शामिल
तृणमूल कांग्रेस के 2 विधायक और 50 पार्षद मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। इनके अलावा माकपा विधायक तुषारकांति भट्टाचार्य भाजपा में शामिल हुए। विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा की सदस्यता लेने का यह पहला चरण था।लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज की है। पिछली बार भाजपा को दो ही सीटें मिली थीं। तृणमूल ने 22 सीटें जीती हैं।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
bengal violence Kin of BJP workers invited to PM Narendra Modi swearing-in ceremony

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.