फिनलैंड दूसरी बार दुनिया का सबसे खुशहाल देश; 156 देशों में भारत 7 स्थान गिरकर 140वें नंबर पर

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

न्यूयाॅर्क.दुनिया के सबसे खुशहाल देशों की सूची में फिनलैंड ने दूसरी बार पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, 7 पायदान फिसलकर भारत 140वें स्थान पर पहुंच गया है। 156 देशों की सूची में दक्षिण सूडान सबसे कम खुशहाल देश है। बुधवार को संयुक्त राष्ट्र की सस्टेनेबल डेवलपमेंट सॉल्यूशंस नेटवर्क द्वारा जारी की गई वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट-2019 के अनुसार टॉप 10 खुशहाल देशों में से 7 यूरोप के हैं, जबकि टॉप-20 में एशिया का एक भी देश नहीं है।

भारत का पड़ोसी देश पाकिस्तान इस सूची में 67वें स्थान पर है। अमेरिका पिछले सालों में अमीर तो हुआ है, लेकिन वहां खुशहाली में भी गिरावट आई है। इस बार उसका क्रम 19वां रहा। अमेरिका लगातार सूची में नीचे खिसक रहा है। 2017 में वह 14वें स्थान पर था। अमेरिका आज तक एक बार भी खुशहाल देशों की टॉप-10 की सूची में नहीं आ सका है। ब्रिटेन ने जरूर अपनी रैंक में सुधार किया है। 18वें स्थान से तीन स्थान आगे छलांग लगाकर वह 15वें स्थान पर आ गया है।

सुपरपॉवर देशों में खुशहाली का स्तर गिर रहा

रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी, रूस, जापान और चीन जैसे सुपरपॉवर देशों में भी खुशहाली का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। जर्मनी दो स्थान फिसलकर 17वें स्थान पर तो चीन 86वें स्थान से 93वें स्थान पर आ गया है। विश्व में सबसे खुशहाल देशों को सूचीबद्ध करने के लिए भूटान ने 2011 में संयुक्त राष्ट्र में एक प्रस्ताव रखा था। इसे मंजूरी मिलने के बाद से हर साल 20 मार्च को 'वर्ल्ड हैप्पीनेस डे' मनाया जाता है। पहली बार 2012 में घोषित सूची में भूटान पहले स्थान पर था। इस साल वह 95 क्रम पर है।

खुशहाली मापने के लिए 6 मानक
किसी देश की खुशहाली मापने के लिए 6 मानकों पर सवाल तैयार किए जाते हैं। इनमें संबंधित देश के प्रति व्यक्ति की जीडीपी, सामाजिक सहयोग, उदारता और भ्रष्टाचार, सामाजिक स्वतंत्रता, स्वस्थ जीवन के जवाब के आधार पर रैंकिंग की जाती है।

सबसे खुशहाल कम खुशहाल
1. फिनलैंड दक्षिण सुडान
2. डेनमार्क अफ्रीकन रिपब्लिक
3. नॉर्वे अफगानिस्तान
4. आइसलैंड तंजानिया
5. नीदरलैंड रवांडा
6. स्विट्जरलैंड यमन
7. स्वीडन मालावी
8. न्यूजीलैंड सीरिया




आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Finland tops world's happiest countries list again says UN report
Finland tops world's happiest countries list again says UN report

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.