शाह ने कहा- शहीदों के खून पर राजनीति करती है कांग्रेस, राहुल देश से माफी मांगें

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

नई दिल्ली. इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख सैम पित्राेदा की ओर से एयर स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने निशाना साधा है। शनिवार को शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- सैम पित्रोदा का बयान दुखद है। कांग्रेस शहीदों के खून पर राजनीति करती है। पित्रोदा के बयान पर उसे देश से माफी मांगनी चाहिए।

'चुनाव आते ही वोट बैंक की राजनीति करती है कांग्रेस'

शाह ने कहा,''जब देश की जनता आतंकवाद के हताहत होती है तो क्या हम बातचीत करें, क्या कांग्रेस अध्यक्ष इससे सहमत हैं। कांग्रेस हर बार चुनाव आते ही तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करती है। यह उनकी परंपरा है। कई सालों से कांग्रेस ने इसका बीज बोया है। क्या वोट बैंक की राजनीति शहीदों से ऊपर हो सकती है। कांग्रेस नेता के इस बयान से शहीदों का अपमान हुआ। सुरक्षा पर सवाल खड़ा हुआ और आतंकियों का मनोबल बढ़ा है।''

'विवादित बयान देने वालों का कुछ नहीं होता'

शाह ने आगे कहा,''आप भारतीय वायुसेना की क्षमताओं पर संदेह करते हैं। क्या कांग्रेस अध्यक्ष इस पर जवाब देंगे। सर्जिकल स्ट्राइक के वक्त कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि आप खून की दलाली करते हो। अब एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाते हो, आखिर किसकी मदद करना चाहते हो। जेएनयू में देशविरोधी नारेबाजी पर उनके साथ खड़े हो जाते हो। कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया। लेकिन उनके नेता लगातार विवादित बयान देते हैं। उनके खिलाफ कुछ नहीं होता, वोट बटोरने के लिए राजनीति करते रहे। वे कांग्रेस अध्यक्ष के आसपास घूमते रहते हैं। इस तरह से यह सहमति है। कांग्रेस अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए।''

'आतंकवाद पर मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी'

भाजपा अध्यक्ष ने कहा,''मोदी सरकार ने आंतकवाद को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान दुनिया से अलग-थलग पड़ गया था। इससे पता चलता है कि हम दुनिया को समझाने में सफल हुए हैं कि पाक प्रेरित आतंकवाद से सबको खतरा है। हमने जमात-ए-इस्लामी और जेकेएलएफ पर प्रतिबंध लगाया। आज देश के सैनिकों और आम नागरिकों में विश्वास बढ़ा है। भाजपा ही आतंकवाद और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे सकती है। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाए रख सकती है।''

मोदी ने कहा-130 करोड़ लोग माफ नहीं करेंगे

पित्रोदा के आरोपों पर मोदी ने ट्वीट किया, "विपक्ष लगातार हमारी फौजों का अपमान कर रहा है। मैं सभी भारतीयों से अपील करता हूं कि विपक्ष के बयानों पर सवाल उठाएं। 130 करोड़ भारतीय विपक्ष को उनकी हरकतों के लिए माफ नहीं करेंगे। पूरा भारत सेनाओं के साथ मजबूती से खड़ा है।"

पित्रोदा ने पूछा था- एयर स्ट्राइक में क्या वाकई 300 लोग मारे गए?

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कहा था-अगर आप (सरकार) कहते हैं कि 300 लोग मारे गए तो इसके बारे में सबूत दें। यह केवल मैं नहीं बल्कि पूरा देश जानना चाहता है। मैंने न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई अखबारों में रिपोर्ट्स पढ़ीं कि भारत के हमले में कोई नहीं मारा गया। मैं जानना चाहता हूं कि क्या वाकई में कोई हमला हुआ था? क्या सही में 300 लोग मारे गए? एक नागरिक होने के नाते मुझे यह जानने का हक है। पित्रोदा के बयान परप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि विपक्ष लगातार हमारी फौजों का अपमान कर रहा है। देश उन्हें माफ नहीं करेगा।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Amit Shah on sam pitroda comment on air strike Air Strike news and updates

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.