4 साल पहले नौकरी छोड़ी; साइकिल से 54 हजार किमी का सफर तय किया, 64 देश घूमे
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
ताइपे. ताइवान में रहने वाले 40 वर्षीय जैकी चेन (हॉलीवुड स्टार जैकी चेन नहीं) ने चार साल पहले नौकरी छोड़ दी और साइकिल से दुनिया घूमने निकल पड़े। अब तक वे 54 हजार किमी का सफर तय कर 64 देश घूम चुके हैं। वर्तमान में वे येरुशलम (इजराइल) में हैं।
जैकी अमेरिका, यूरोप और मिडिल-ईस्ट के देशों में घूम चुके हैं। ठहरने के लिए वे किसी होटल में नहीं जाते, बल्कि खुद ही टेंट लगाते हैं। आराम करने के अलावा बचे हुए वक्त में जैकी काउचसर्चिंग ऐप पर रास्ते और देशों के बारे में जानकारियां जुटाते हैं।
साइकिल से 100 देशों में जाने का लक्ष्य
जैकी के मुताबिक- यह (सफर) मेरे लिए काफी रोमांचक है। 54 हजार किमी की दूरी तय कर 64 देश घूम चुका हूं। 100 देशों में जाने का टारगेट है। कुल एक लाख किमी का सफर करना है। इसके लिए मुझे 3 साल और लगेंगे। जैकी यह भी कहते हैं कि किसी भी देश में जाने से पहले बहुत ज्यादा शोध नहीं करते।
येरुशलम के बारे में जैकी कहते हैं कि यह शहर आश्चर्य में डालने वाला है। यहां ईसाई, मुस्लिम और यहूदी तीनों रहते हैं। यहां आप इजराइल और फिलिस्तीनियों के बीच संघर्ष भी देखेंगे। 9 लाख की आबादी वाले शहर में प्राचीनता के साथ आधुनिकता भी है।
कई चुनौतियों से सामना हुआ
जैकी के मुताबिक- सबसे बड़ी समस्या मौसम खासकर बर्फीला इलाका रहा। कई बार तो मरते-मरते बचा, जब तेज रफ्तार गाड़ियां तेज रफ्तार बगल से निकल गईं। जैकी ने अमेरिका के अलास्का से यात्रा शुरू की थी। वे दक्षिण अमेरिका के पेरू में 2500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इंका सभ्यता के अवशेषों माचू पिच्चू पर भी जा चुके हैं। येरुशलम के बाद जैकी जॉर्डन होते मिस्र और अफ्रीका के कई देशों में जाएंगे। खुद की पहचान के लिए उन्होंने अपनी शर्ट के पीछे लिखवा रखा है- मैं जैकी हूं, ताइवान से आया हूं।
2017 में स्कॉटलैंड के मार्क बूमॉन्ट ने 79 दिन में दुनिया घूमकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। जैकी कहते हैं कि मैं रिकॉर्ड नहीं बल्कि रोमांच महसूस करना चाहता हूं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं