जोड़िए खून का रिश्ता
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
भोपाल. "पिछले हफ्ते मुझे एक व्हाट्सअप मिला, जिसमें कहा गया था कि थैलेसीमिया से पीड़ित 21 साल के एक युवा को तत्काल ब्लड की जरूरत है। मेरे लिए वह अनजान था, इसलिए मैसेज को नजरअंदाज कर दिया। दो-तीन घंटे बाद पता नहीं क्यूं मुझे लगा कि ऐसा नहीं करना चाहिए था। मैंने वह मैसेज दोबारा पढ़ा और सोचा कि अगर उसे ब्लड नहीं मिला तो उसका क्या होगा। उसी वक्त उसे फोन किया और बताया कि मैं कल सुबह 9 बजे आपके हॉस्पिटल में ब्लड डोनेट करने आ रहा हूं। मैं वहां गया। ब्लड डोनेट किया। उस व्यक्ति से मिला तो अजीब सा रिश्ता महसूस हुआ।"
"इस वाकये के बाद मुझे लगा कि रक्तदान के जरिए हम कुछ नए लोगों के साथ भी खून के रिश्ते जोड़ सकते हैं। ईश्वर ने जीवनदान देने और रिश्ता जोड़ने का यह खास तरीका हमें रक्तदान के माध्यम से दिया है। आज वर्ल्ड ब्लड डोनर डे है। भास्कर समूह आप सबसे अपील करता है कि हम जीवनदान देने की अपनी इस योग्यता का इस्तेमाल करें और साल में कम से कम एक या दो बार रक्तदान करें। अगर आपकी उम्र 18 से 60 साल के बीच है, आपका वजन 45 किलो से ज्यादा है और आपको कोई रक्तदोष नहीं है, तो आप भी किसी अनजान व्यक्ति से खून का रिश्ता जोड़कर एक अद्भुत सुकून महसूस कर सकते हैं।"
"भास्कर समूह अपने करोड़ों पाठकों के सहयोग से रक्तदान के लिए विशाल मुहिम चलाने जा रहा है। आपसे यही अपील और अपेक्षा है कि आप बेशकीमती रक्त की अहमियत समझकर रक्तदान करें। रक्तदान करें, जीवनदान करें।"
गिरीश अग्रवाल डायरेक्टर, दैनिक भास्कर
ईमेल: director@dbcorp.in
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं