मारपीट के विरोध में हड़ताल: 43 डॉक्टरों ने इस्तीफा दिया, देशभर में प्रदर्शन

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

कोलकाता.पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के बाद शुरू हुई हड़ताल चौथे दिनभी जारी रही। राज्य के 43 डॉक्टर अब तक इस्तीफा दे चुके हैं। शुक्रवार को इस हड़ताल को देशभर से समर्थन मिला। दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, मध्यप्रदेश और बिहार के डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किया। कई अस्पतालों के डॉक्टरों ने काम करने से इनकार कर दिया है। दरअसल, बंगाल में पिछले दिनों जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद डॉक्टर विरोध जता रहे हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को इस हड़ताल को भाजपा और माकपा की साजिश बताया। उन्होंने डॉक्टरों को हड़ताल खत्म नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के 16 और दार्जिलिंग में नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज के 27 डॉक्टरों ने इस्तीफा दे दिया। उनका कहना है कि हिंसा के माहौल में वे काम नहीं कर सकते हैं।

हर्षवर्धन ने कहा- ममता इसे प्रतिष्ठा का मुद्दा न बनाएं
दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने बंगाल में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से मुलाकात की। हर्षवर्धन ने कहा, ''मैं ममता बनर्जी से अपील करता हूं कि इसे प्रतिष्ठा का मुद्दा न बनाएं। उन्होंने डॉक्टरों को अल्टीमेटम दिया, जिसकी वजह से वे नाराज होकर हड़ताल पर चले गए। मैं उनसे इस मुद्दे पर बात करने की कोशिश करूंगा। देशभर के डॉक्टरों से कहना चाहता हूं कि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। डॉक्टरों से अनुरोध करता हूं कि वे प्रतीकात्मक विरोध करें और अपना काम जारी रखें।''

इन जगहों पर हो रहा प्रदर्शन
राजस्थान के जयपुरिया अस्पताल के डॉक्टरों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की। हैदराबाद में निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के डॉक्टरों ने विरोध मार्च निकाला। रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने 'वी वांट जस्टिस' के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। केरल में भारतीय चिकित्सा संघ त्रिवेंद्रम के सदस्यों ने भी विरोध जताया। नागपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ने भी प्रदर्शन किया। दिल्ली में भी डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन जारी है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
केरल में प्रदर्शन करते डॉक्टर।
दिल्ली एम्स में डॉक्टरों ने हेलमेट पहनकर इलाज किया।
कर्नाटक में प्रदर्शन करते डॉक्टर।
राजस्थान में काली पट्‌टी बांधकर इलाज करते डॉक्टर।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.