मुख्यमंत्री बनने का सपना देखा ही नहीं, कांग्रेस का अनुशासित सिपाही : सीपी जोशी

http://bit.ly/2HzWLhQ

जयपुर (प्रेमप्रताप सिंह).प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता सीपी जोशी को विधानसभा का अध्यक्ष बनाया है। सीपी जोशी पहले से ही आरसीए अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन से लेकर मजबूत विपक्ष के सामने सदन चलाने को लेकर कई सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। जोशी के विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद दैनिक भास्कर ने इन्हीं सवालों के जवाब टटोलने की कोशिश की, जिसका उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। जोशी ने कहा- अगर आरसीए की मान्यता में मेरा स्पीकर पद आड़े आता है तो मैं एक मिनट में आरसीए अध्यक्ष पद छोड़ दूंगा। पढ़िए विशेष इंटरव्यू...

सवाल :क्या आप आरसीए से इस्तीफा देंगे?
जोशी :मेरा संघर्ष है कि मैं बीसीसीआई से आरसीए को मान्यता दिलाऊं। इसी पर मेरी ऊर्जा लगी हुई है। मान्यता पाने में यदि स्पीकर का पद अड़चन बनेगा तो मैं आरसीए अध्यक्ष पद एक मिनट में छोड़ दूंगा। पर प्राॅक्सी के जरिए क्रिकेट चलाने वालों के लिए ऐसा नहीं करूंगा। मेरे आने के बाद ही यहां आईपीएल हुआ, मुझे गलत तरीके से हटाने की साजिश हुई। वो साजिश भी बेनकाब हो चुकी है।

सवाल :पिछली सरकार में विपक्ष कमजोर था, अब मजबूत है, सदन चलाने में दिक्कत नहीं होगी?
जोशी : सदन चलाने के लिए संख्या बल की जरूरत नहीं होती। संख्या बल की जरूरत सरकार चलाने के लिए होती है। सदन तो नियम, प्रक्रिया, कानून से चलता है। उसी परंपरा को मैं आगे बढ़ाऊंगा। मुझे कांग्रेस के साथ भाजपा और दूसरे दलों ने भी अध्यक्ष चुना हैं। मैं सभी को साथ लेकर चलूंगा।

सवाल : हनुमान बेनीवाल जैसे हंगामा करने वाले विधायकों से कैसे निपटेंगे?
जोशी : सदन नियम से चलेगा। नियम में हर स्थिति से निपटने का प्रावधान पहले से ही मौजूद है।

सवाल :नियम मौजूद हैं तो अभिभाषण के दिन राज्यपाल को अपशब्द कहने पर भी कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जोशी : राज्यपाल का जब अभिभाषण होता है, तब सदन राज्यपाल के अधिकार क्षेत्र में होता है। ऐसे में स्पीकर कुछ नहीं कर सकता।

सवाल :पूर्व स्पीकर कैलाश मेघवाल ने नई सरकार बनने से पहले 40 मकान आवंटित कर दिए थे, उस मामले में अब आप क्या करेंगे?
जोशी : मैं पूर्व स्पीकर पर कुछ नहीं कहना चाहता। जहां तक मकान आवंटन का सवाल है, नियमानुसार कदम उठाएंगे। किसी विधायक को आवास को लेकर परेशानी नहीं आएगी।

सवाल :क्या आप भी मंत्री बनना चाहते थे?
जोशी :मैं तो उस कैबिनेट में केंद्रीय मंत्री रह लिया, जिसमें दस पूर्व मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री थे। ऐसे में मैं राजस्थान सरकार में मंत्री बनाना क्यों चाहता। हां आलाकमान को जो उचित लगा, मुझे वही जिम्मेदारी दी।

सवाल :क्या आपका सीएम बनने का सपना खत्म हो गया?
जोशी : सीपी जोशी ने कभी भी मुख्यमंत्री बनने का सपना देखा ही नहीं। कांग्रेस का एक अनुशासित सिपाही हूं। कांग्रेस ने जब भी जो जिम्मेदारी दी, उसे निभाया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सीपी जोशी।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.