भारत रत्न सम्मान को लेकर उठ रहे सवाल, बाबा रामदेव ने इस बात को लेकर जताया ऐतराज
नई दिल्ली. योग गुरु बाबा रामदेव ने आजादी के बाद से अब तक किसी संन्यासी को भारत रत्न नहीं दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि अगली बार यह सर्वोच्च सम्मान किसी संन्यासी को भी दिया जाए। इससे पहले रामदेव ने देश की बढ़ती आबादी को लेकर भी चिंता जताई थी।
स्वामी विवेकानंद को भी नहीं मिला भारत रत्न
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रामदेव ने कहा, ''दुर्भाग्य है 70 सालों में एक भी संन्यासी को भारत रत्न नहीं मिला। महर्षि दयानंद सरस्वती, स्वामी विवेकानंद जी, या शिवकुमार स्वामी जी। मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि अगली बार कम से कम किसी संन्यासी को भी भारत रत्न दिया जाए।''
पहले देश की बढ़ती आबादी पर जताई थी चिंता
रामदेव ने हाल ही में कहा था कि जिन लोगों के दो से ज्यादा बच्चे हैं उनसे वोटिंग का अधिकार छीन लेना चाहिए। इन्हें चुनाव में हिस्सा लेने और सरकारी स्कूल-अस्पताल का इस्तेमाल करने की अनुमति भी नहीं होनी चाहिए। सरकारी योजनाओं का लाभ और सरकारी नौकरी भी नहीं देनी चाहिए। इससे देश की बढ़ती आबादी अपने आप रुक जाएगी।
भाजपा से भरोसा उठ जाएगा
योग गुरु बाबा रामदेव ने पिछले महीने कहा था कि अगर इस समय अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनता तो लोगों का भाजपा पर से भरोसा उठ जाएगा। उन्होंने कहा कि अब जब केंद्र और उत्तरप्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है, अगर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं हुआ तो लोगों का भरोसा भाजपा से उठ जाएगा जो इस सत्तारूढ़ दल के लिए अच्छा नहीं होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं