कांग्रेस के पास नेता नहीं, वह चॉकलेटी चेहरों के दम पर चुनाव लड़ना चाहती है: विजयवर्गीय
इंदौर. भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और फिल्मी सितारों को लोकसभा उम्मीदवार बनाए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के पास नेता नहीं है, इसलिए वो चॉकलेटी चेहरों के माध्यम से चुनाव में उतरना चाहते हैं। ये कांग्रेस के अंदर आत्मविश्वास की कमी दिखाता है। कोई करीना कपूर का नाम चलाता है, कोई सलमान का, कभी प्रियंका गांधी को ले आते हैं।
विजयवर्गीय ने कहा कि राहुल के नेतृत्व में पार्टी में आत्मविश्वास होता तो प्रियंका को कभी महासचिव नहीं बनाया जाता। उन्होंने कहा, "कांग्रेस नेता मांग कर रहे हैं कि करीना कपूर को भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ाया जाए। कोई कह रहा है कि सलमान को इंदौर से प्रत्याशी बनाया जाए, इसी तरह से प्रियंका को राजनीति में लाया गया।''
हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी। विजयवर्गीय ने कहा, चॉकलेटी शब्द का इस्तेमाल उन्होंने बॉलीवुड अभिनेताओं के लिए किया था। प्रियंका को 23 जनवरी को कांग्रेस महासचिव बनाया गया है और उन्हें लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पूर्वी उप्र का जिम्मा दिया गया।
विजयवर्गीय ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न दिए जाने को लेकर कहा कि मैं देख रहा हूं कि लोग कह रहे हैं कि भाजपा को पश्चिम बंगाल में मजबूत करने के लिए प्रणव दा को भारत रत्न दिया गया। ऐसे लोग प्रणव दा का अपमान कर रहे हैं। इसे राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। मोदी सरकार में राष्ट्रीय सम्मान उन्हीं को दिए गए जो इसके हकदार थे।
इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता विनोद नारायण झा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को लेकर विवादास्पद बयान दिया था। झा ने कहा था, ''प्रियंका गांधी बहुत सुंदर हैं। मुझे इसके अलावा उनमें कोई प्रतिभा नहीं दिखी। कांग्रेस ने प्रियंका को सुंदर होने के चलते राजनीति में उतारा। लेकिन चुनाव में इसका कोई फायदा नहीं होने वाला।''
भाजपा नता ने कहा था, ''प्रियंका की उम्र 42 साल से अधिक है, लेकिन उन्होंने राजनीति में कुछ खास नहीं किया। वह तो नौसिखिया हैं। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि सुंदर चेहरे पर वोट नहीं मिलने वाला।''
कोई टिप्पणी नहीं