देश के 16 राज्यों में बारिश; 3 में बर्फबारी, 7 में धुंध और 5 में ओले पड़े, अगले तीन दिन तक मौसम खराब रहने के आसार

http://bit.ly/2Dz3F2V

नई दिल्ली.देश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में अचानक मौसम बदल गया है। इससे इन इलाकों में ठंड बढ़ गई है। गुरुवार रात और शुक्रवार को मैदानी राज्यों में बारिश के साथ ओले पड़े। साथ ही दिन भर धुंध छाई रही। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बारिश हुई। पूर्वी यूपी, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में छिटपुट बारिश हुई। महाराष्ट्र के विदर्भ, सिक्किम, तेलंगाना और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो रही है। इन राज्यों में दिसंबर तक काफी कम बर्फ पड़ी थी, लेकिन जनवरी महीने में यहां पश्चिमी विक्षोभ के चलते जमकर बर्फबारी हो रही है। वहीं, जनवरी में अब तक उत्तराखंड में सामान्य से 63% अधिक यानी 57 मिमी, हिमाचल में औसत से 24% अधिक यानी 80 मिमी, जम्मू कश्मीर में 96% अधिक यानी 128 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत के साथ दक्षिण भारत के तटीय राज्यों में अगले 3 दिन मौसम खराब रहने के अासार हैं। यहां तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट, धुंध, ओले और बारिश के साथ हवाएं चलने के आसार हैं।

वजह: पूर्वी यूपी से दक्षिण भारत तक चक्रवाती हवाओं की ट्रफ लाइन बनी
देश के 3 अलग-अलग क्षेत्रों में विक्षोभ और चक्रवात का क्षेत्र बनने से मौसम खराब हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास केंद्रित है, जो 29 जनवरी तक कायम रह सकता है। पूर्वी यूपी और पूर्वी मध्यप्रदेश पर चक्रवाती हवा सक्रिय है, जिसकी एक ट्रफ लाइन (कम दबाव का क्षेत्र) यहां से लेकर दक्षिण भारत के तेलंगाना तक बनी हुई है। वहीं, एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी है।

राजस्थान, हरियाणा में ओलावृष्टि, इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी :हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आई है। मैदानी इलाकों में शुक्रवार को सबसे कम 1.6 डिग्री तापमान अमृतसर में रहा।

सबसे कम 25 मीटर बिजीबिलिटी राजस्थान मेंं; हिमाचल, यूपी में भी धुंध :राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार में धंुध छाई रही। सबसे कम बिजीबिलिटी राजस्थान के पिलानी, गंगानगर में 25 मीटर दर्ज की गई। शिमला, खजुराहो में भी विजीविलिटी 25 मीटर रही।

हिमाचल में 2 सेमी तक बर्फ, पेंड्रा में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश हुई :काजीगुंड में 2 सेमी, धर्मशाला और मनाली में एक सेमी से ज्यादा बर्फ पड़ी।

बारिश: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में 5 सेमी, मध्यप्रदेश के सिवनी में तीन सेमी, अजमेर, छिंदवाड़ा, अंबिकापुर, नागपुर, गोंदिया में एक सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

यूपी, बिहार, झारखंड में बारिश-ओले संभव :अगले 24 घंटों में यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना है। ओडिशा, बंगाल और सिक्किम में भी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश और बर्फबारी की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात में तापमान में और गिरावट होगी।

पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा मौसम; बारिश से कोहरे की संभावना, गेंहू को नुकसान नहीं

पश्चिम विक्षोभ की वजह से पहाड़ी इलाकों के बाद अब मैदानी इलाकों में भी बारिश हो रही है। जमीन पर नमी कम होने से इस बार अभी तक कोहरा कम पड़ा है, पर अब जमीन में आर्द्रता बढ़ने से कोहरे की संभावना बढ़ गई है।इस बार अभी तक तापमान सामान्य के आसपास ही रहा है, इसलिए गेंहू के फसल को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा।मैदानी इलाकों में इस बार बारिश देर से इसलिए शुरू हुई, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की रफ्तार धीरे थी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हर बार की तरह सामान्य बारिश हुई है। 1500 मीटर की ऊंचाई वाले स्थान पर बारिश समय से आई है। राजस्थान और मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में ओले पड़े, क्योंकि यहां अधिक ऊंचाई वाले बादल बने थे।-केजे रमेश, निदेशक- इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपॉर्टमेंट



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
केदारनाथ में 10 फीट बर्फ केदारनाथ में शुक्रवार को 10 फीट बर्फ गिरी, तापमान माइनस 15 डिग्री रहा। यहां बिजली और मोबइल सेवा ठप है।
तस्वीर मध्यप्रदेश के श्योपुर की है। यहां शुक्रवार को बारिश के साथ ओले पड़े।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.